विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वाराणसी में पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद ब्वायलर मशीन आगे बढ़ा, गाजीपुर की ओर रवाना, जल्‍द पहुंचेगा अब लखीमपुर खीरी

By Ravi PandeyEdited By: Abhishek sharma
Published: Tue, 29 Sep 2026 04:41 PM (IST)

वाराणसी के डाफी टोल प्लाजा पर 200 टन वजनी ब्वायलर मशीन ले जा रहा एक विशालकाय ट्रक फंस गया था। ...और पढ़ें

HighLights

  1. 200 टन वजनी ब्वायलर मशीन ट्रक वाराणसी में फंसा।

  2. पांच घंटे की कड़ी मशक्कत से ट्रक को आगे बढ़ाया गया।

  3. अब ट्रक गाजीपुर, आजमगढ़ होते हुए लखीमपुर खीरी जाएगा।

जागरण संवाददाता, वाराणसी। बेल्जियम से ओडिसा के रास्ते एक विशालकाय वेसल लदा ट्रक सोमवार को अपराह्न साढ़े तीन बजे वाराणसी के डाफी टोल प्लाजा पहुंचा। यह ट्रक 200 टन वजनी ब्वायलर मशीन लेकर आया था और इसे 308 पहियों पर लादा गया था। ट्रक ने करीब 20 घंटे से अधिक समय तक रुकने के बाद मंगलवार की सुबह लगभग 11 बजे डाफी टोल प्लाजा के उत्तर साइड में बनाए गए वैकल्पिक रास्ते पर उतरना शुरू किया।

इस दौरान, ट्रक को निकालने के लिए गिट्टी और बालू डालकर उसके ऊपर लोहे की बड़ी प्लेटें रखी गईं। लेकिन अधिक वजन और जमीन के धंसने के कारण ट्रक का पहिया फंस गया। इसके बाद, ट्रक को आगे बढ़ाने के लिए पांच घंटे की कड़ी मेहनत की गई। लगभग चार बजे क्रेन, जेसीबी और अन्य भारी मशीनों की मदद से ट्रक को खींचकर आगे बढ़ाया गया। इसके बाद, आगे प्लेट लगाकर धीरे-धीरे ट्रक को निकाला जा रहा है। उम्मीद है कि कुछ देर में यह हाइवे के मुख्य मार्ग पर चढ़ जाएगा।

इस प्रक्रिया के दौरान तकनीकी और निर्माण टीम के सदस्यों के पसीने छूट गए। ब्वायलर मशीन को निकालने के लिए बिजली विभाग से शटडाउन लेकर दो खंभों के तार हटाए गए, जिसके कारण करीब पांच घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। ट्रक को निकालने में डाफी टोल प्लाजा के कर्मचारी और एनएचएआई के कर्मचारी भी जुटे रहे।

विशालकाय मशीन को देखने के लिए राहगीरों और आसपास के गांवों से भीड़ जुटी रही। लोग इस मशीन के साथ वीडियो, फोटो और रील बनाने में व्यस्त रहे। यह घटना न केवल स्थानीय लोगों के लिए एक आकर्षण का केंद्र बनी, बल्कि यह ट्रकिंग और भारी मशीनरी के संचालन में चुनौतियों को भी उजागर करती है।

वाराणसी में ब्वायलर मशीन को निकालने की प्रक्रिया ने सभी को एकजुट किया और तकनीकी कौशल का प्रदर्शन किया। अब ट्रक के हाइवे पर चढ़ने की उम्मीद है, जिससे आगे की यात्रा संभव हो सकेगी। इसके साथ ही इसकी गाजीपुर की ओर यात्रा शुरू हो चुकी है। इसके बाद आजमगढ़ होते हुए आगे लखीमपुर खीरी की ओर यह रवाना होगा।  

यह भी पढ़ें : वाराणसी में फंसा ब्वायलर लदा 'महाट्रक', निकालने में छूट रहे पसीने; बिजली विभाग को हटाने पड़े तार