कालिया नाग का घमंड चूर कर श्रीकृष्ण ने काशी में गंगा की लहरों पर छेड़ी बंशी की तान
तुलसी घाट पर विश्वप्रसिद्ध नागनथैया लीला में बाल श्रीकृष्ण ने कालिया नाग का मान मर्दन कर उसके फन पर नृत्य ...और पढ़ें
HighLights
तुलसी घाट पर विश्वप्रसिद्ध नागनथैया लीला का आयोजन हुआ।
बाल श्रीकृष्ण ने कालिया नाग के फन पर नृत्य किया।
यह परंपरा काशी को मथुरा-वृंदावन का अनुभव कराती है।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। तुलसी घाट पर विश्वप्रसिद्ध नागनथैया लीला के लिए दोपहर से ही गंगा घाट पूरा खचाखच भर चुका था। शाम ठीक 4:40 बजे नदी में गेंद खोजने के लिए कन्हैया ने छलांग लगाई और कुछ ही देर बाद कालिया नाग का मान मर्दन करते हुए फन पर नृत्य करते लोगों को दर्शन दिया तो काशी थी मथुरा वृंदावन और गोकुल नजर आई।
गोस्वामी तुलसीदास द्वारा शुरू की गई यह परंपरा काशी में शुक्रवार को जीवंत हुई। जय कन्हैया लाल की ही नहीं बल्कि हर हर महादेव और जय श्री कृष्ण के नारों से गुंजायमान तुलसी घाट संग काशी और मथुरा का भेद मिट गया। द्वापर युग को जीवंत करने के लिए मां गंगा ने कालिंदी का रूप धर लिया।
वहीं बाल श्रीकृष्ण के रूप में श्रेयन शर्मा कुछ ही मिनट में नदी में गेंद ढूंढने के लिए कदंब की डाल से छलांग लगाए तो एक बारगी लोग बेचेन हो उठे। लेकिन कालिया नाग को नाथ कर नाचते हुए बंशी की तान छेड़ते हुए किशन कन्हाई की लीला नजर आई तो काशी मंत्र मुग्ध हो उठी।
कार्तिक शुक्ल चतुर्थी की गोधूलि बेला में देवाधिदेव महादेव की नगरी काशी में द्वापर युग सजीव हो उठा। सूर्य की सिंदूरी किरणें पतित पावनी गंगा की लहरों का स्पर्श कर रही थीं, उसी बेला में ऐतिहासिक तुलसी घाट पर श्रीकृष्ण के कालिया नाग के मान मर्दन की लीला ने आस्थावानों को भाव विभोर कर दिया।
काशी के 'लक्खा मेला' में शामिल विश्वविख्यात 'नागनथैया' का साक्षात दर्शन कर श्रद्धालु घन्य हुए। गोस्वामी तुलसीदास द्वारा लगभग पांच सौ वर्ष पूर्व प्रारंभ की गई इस परंपरा ने एक बार फिर काशी के गंगा तट को ब्रज की पावन भूमि और अविरल धारा को कालिंदी के रूप में रूपांतरित कर दिया।
दोपहर तीन बजते- बजते तुलसी घाट की सीढ़ियों से लेकर आसपास की छतों, छज्जों और गंगा की लहरों पर तैरते बजड़ों व नावों पर जगह शेष नहीं बची। हर तरफ आस्था का सैलाब उमड़ा हुआ था। शाम सवा चार बजे विधि-विधान से लीला का शुभारंभ हुआ। भगवान श्रीकृष्ण के स्वरूप में बाल कलाकार अपने ग्वाल-बाल सखाओं सुदामा, बलराम और अन्य साथियों संग कंदुक क्रीड़ा (गेंद का खेल) करने लगे। खेल-खेल में गेंद उछलकर यमुना (गंगा) की धारा में जा गिरी।
सखा सुदामा के गेंद वापस लाने की बाल-हठ पर श्रीकृष्ण के स्वरूप में श्रेयन शर्मा ने ठीक शाम 4:40 बजे जल में अस्थायी रूप से गाड़े गए हरे-भरे प्रतीकात्मक कदंब के वृक्ष की डाल पर चढ़कर नदी की उफनती धारा में छलांग लगा दी। घाट और नावों पर श्रद्धालुओं की सांसें थम गई, कोलाहलपूर्ण वातावरण में स्तब्धता छा गई।
कुछ ही क्षणों में कालिया नाग का मान-मर्दन कर भगवान श्रीकृष्ण विशाल फन पर बंसी सजाए मधुर तान छेड़ते हुए जल से बाहर प्रकट हुए। इस अलौकिक झांकी को देखते ही अगाध श्रद्धा की लहर दौड़ गई और 'कन्हैया लाल की जय' तथा 'हर-हर महादेव' का समवेत स्वर गगनभेदी नाद करने लगा। डमरुओं की गड़गड़ाहट, शंखों की मंगल ध्वनि और घंटा-घड़ियाल से वातावरण गुंजायमान हो उठा।
महंत ने उतारी आरती, काशिराज परिवार ने निभाई परंपरा
लीला के दौरान अखाड़ा गोस्वामी तुलसीदास के महंत प्रो. विश्वंभरनाथ मिश्र ने माला पहना कर प्रभु की आरती उतारी। वहीं, काशिराज परिवार की सदियों पुरानी परंपरा का निर्वहन करते हुए कुंवर अनंत नारायण सिंह ने अपने पुत्रों संग प्रभु के दर्शन किए और उन्हें प्रणाम किया।
डेढ़ घंटे तक पानी में खड़े रहे युवा निषाद
लीला में परंपरागत वेशभूषा में रामायणियों के बृजवासी दास रचित 'ब्रजविलास' के दोहों-चौपाइयों का सस्वर पारायण वातावरण में भक्ति रस घोल रहा था। वहीं, गंगापुत्र निषाद समाज के करीब 30 युवाओं ने लगभग डेढ़ घंटे तक जल के भीतर रहकर लकड़ी के विशाल कालिया नाग को अपने कंधों और हाथों से संभाले रखा।
विदेशी भी हृदय में सहेजते रहे लीला
गंगा की धारा में एनडीआरएफ के जवान और घाट पर पुलिस बल मुस्तैद रहे। देश-विदेश से आए पर्यटक भारतीय संस्कृति की जीवंत विरासत को अपने कैमरों और हृदय में सहेजते नजर आए।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।