सुर्ख लाल रंग के साथ ही चमचमाते उपहारों से सजेगा करवाचौथ, जानिए क्या-क्या है तैयारी
अब केवल लाल रंग के साथ नहीं बल्कि कुछ अलग अंदाज में करवाचौथ पर सजने के लिए इस बार महिलाएं साडिय़ां व परिधान चुन रही हैं।
वाराणसी, जेएनएन। अब केवल लाल रंग के साथ नहीं बल्कि कुछ अलग अंदाज में करवाचौथ पर सजने के लिए इस बार महिलाएं साडिय़ां व परिधान चुन रही हैं। पत्नी को उपहार देने के लिए पति भी सोने के लाइट वेट गहने व पायल की कर रहे खरीदारी।
डिजिटल ब्लाउज वाली साड़ी
सिल्क में एथनिक लुक की साड़ी और शिफॉन में प्रिंटेड साड़ी स्वरोस्की वर्क के साथ तो महिलाओं को खूब लुभा रही है। इसके साथ ही शिफॉन फैब्रिक में शॉटन बार्डर पर प्लेन साड़ी डिजिटल ब्लाउज के साथ तो इस वक्त धूम मचाए है। पावर लूम डिजाइन तो चलन में हैं। करवाचौथ पर बनारसी लहंगा, खड्डी का लहंगा जिसमें जार्जेट फैब्रिक पर लहंगे पर वर्क किया जाता है और इसके साथ बांधनी की चुन्नी होती है इसकी डिमांड है।
परंपरागत डिजाइन है पहली पसंद
इस बारे में साड़ी व्यापारी पंकज पेशवानी ने कहा कि लाल के साथ ही ब्राइट कलर्स की डिमांड है। साडि़य़ों में सिल्क, शिफॉन फैब्रिक चलन में है। कुल मिलाकर चाहे वह लहंगा हो या साड़ी परंपरागत डिजाइन ज्यादा पसंद की जा रही है। साड़ी के साथ बनारसी दुपट्टा भी खूब पसंद किया जा रहा है।
चटख लाल रंग की बेबो चूडिय़ां
दशाश्वमेध बाजार के चूडिय़ों के व्यापारी मनोज झा ने बताया कि करवाचौथ पर लाल रंग की कांच की प्लेन व डिजाइनर दोनों तरह की चूडिय़ां डिमांड में हैं। कांच की चूडिय़ों में लाल रंग की बेबो डिजाइन ज्यादा बिक रही है।
मटरमाला है पहली पसंद
स्वर्ण व्यवसायी अनिल जैन ने कहा कि करवाचौथ पर लाइट वेट गहने ज्यादा चल रहे हैं। जिसमें मटरमाला, नेकलेस, नथिया, मांगटीका की शांपिंग लोग कर रहे हैं। इसमें राजस्थानी, स्टाइल मांगटीका बोरला, महाराष्ट्रीयन नथिया को विशेष तवज्जो दिया जा रहा है। इस बार चांदी की पायल पर ढेर सारे घुंघरू लगाकर व रंग बिरंगे स्टोन वाली बिछिया को खूब पसंद किया जा रहा है। चांदी की पायल में भी स्टोन की डिमांड है।
पुरानी साड़ी से नया अंदाज
फैशन डिजाइनर स्मृति अवस्थी के अनुसार काफी महिलाएं करवाचौथ पर शादी की साड़ी के साथ मैचिंग या कंट्रास्ट क्राप टॉप जिसमें जरी, जरदोजी, दबका, गोटा पटटी का वर्क होता है उसे स्कर्ट के साथ बनवा रही हैं। वहीं जिनके पास कीमती साडिय़ां पैठनी, पटोला, कोसा सिल्क, बालूचेरी, बनारसी, पोचमपल्ली, ब्रोकेड आदि है वे साड़ी के साथ हैवी वर्क वाली ब्लाउज पहन रही हैं। नई शादी वाली लड़कियां गोल्डेन ग्लिटर साड़ी व गाउन को भी इस बार पहन रही हैं। इस बार बैंकिंग साडिय़ों में बैकिंग कलर्स की भी डिमांड है।