विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नेता जी की आ रही हो सवारी तो 'अंतिम यात्रा' को रोकने की कर लें तैयारी, काशी में माननीयों का दौरा 'मोक्ष' की राह में बनी बाधा

By Prakash PandeyEdited By: Abhishek sharma
Published: Sun, 29 Nov 2026 12:04 PM (GMT+05:30)

वाराणसी में 'काशी-तमिल संगमम' के दौरान वीआईपी प्रोटोकॉल के चलते एक शव यात्रा को मैदागिन चौराहे पर रोक दिया गया, जिससे शहर की सदियों पुरानी परंपरा का उल्लंघन हुआ। इस घटना ने प्रशासनिक संवेदनशीलता और यातायात व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, जिससे सोशल मीडिया पर लोगों में भारी आक्रोश है।

HighLights

  1. वीआईपी प्रोटोकॉल के कारण शव यात्रा रोकी गई।

  2. काशी की सदियों पुरानी परंपरा का उल्लंघन हुआ।

  3. प्रशासनिक संवेदनशीलता पर गंभीर सवाल खड़े हुए।

वाराणसी, जागरण संवाददाता। कहते हैं अर्थी को रोका नहीं जाता, जहां श‍व श‍िव हाे जाता है उस काशी में परंपराओं और मोक्ष की डगर भी वीआइपी प्रोटोकाल ने रोक रखी है। वर्दी को ज‍िम्‍मा सरकारी प्रोटाेकाल का भले हो लेक‍िन आस्‍था की नगरी की मान्‍यताओं और प्रोटोकाल इंसानी प्रोटोकाल से ऊपर ही रहा है लेक‍िन जो घटना सामने आई वह परंपराओं को खंड‍ित करने वाली रही।

धर्म और मोक्ष की नगरी काशी में एक ऐसा वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है, जिसने शहर की यातायात व्यवस्था और प्रशासनिक संवेदनशीलता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। 28 नवंबर (शनिवार) को आयोजित 'काशी-तमिल संगमम 5.0' के उद्घाटन समारोह के दौरान वीआईपी प्रोटोकॉल के नाम पर एक शव यात्रा (अर्थी/शव वाहन) को बीच रास्ते में रोके जाने का दावा किया जा रहा है। वायरल वीडियो में शहर के व्यस्ततम मैदागिन चौराहे पर आम वाहनों की भीड़ के साथ एक शव यात्रा भी वीआईपी काफिले के गुजरने का इंतजार करती हुई दिखाई दे रही है।

वीआइपी प्रोटोकॉल के लिए मैदागिन में रोकी गई शव यात्रा का वीड‍ियो वायरल होने के बाद बनारसियों ने परंपरा और मानवीय संवेदना पर सवाल उठाए हैं। बनारस, काशी, अविनाशी काशी... इस नगरी के नाम अनेक हैं, लेकिन हर नाम का पता एक ही है। वह पता है मोक्ष नगरी काशी। शिव की नगरी और विष्णु की नगरी के नाम से पहचानी जाने वाली इस काशी की अपनी अलग पहचान और परंपराएं हैं। अविनाशी काशी कभी विष्णु की नगरी हुआ करती थी, फिर शिव की नगरी के रूप में इसकी पहचान बनी। इस नगरी में समय के साथ बहुत कुछ बदला, लेकिन एक चीज कभी नहीं बदली तो वह थी मोक्ष से इसका नाता।

इस शहर ने राजा-रजवाड़ों का दौर देखा, अंग्रेजों का शासन देखा और फिर आजादी के बाद बदलते भारत के साथ कदमताल की। हर बदलाव के साथ शहर का स्वरूप बदलता गया, लेकिन इसकी फितरत नहीं बदली। यह वही शहर है, जिसने अंतिम यात्रा को भी एक परंपरा और उत्सव की तरह स्वीकार किया। यहां मृत्यु को अंत नहीं, बल्कि मोक्ष की यात्रा माना जाता है। लेकिन विडंबना देखिए कि जिस शहर में अंतिम यात्रा को भी पूरा सम्मान देने की परंपरा रही हो, आज उसी शहर में एक शव यात्रा को रास्ते में रोक दिया जाता है।

तमिल संगमम के दौरान वीआइपी प्रोटोकॉल के चलते मैदागिन क्षेत्र में एक शव यात्रा को रोकने की घटना ने शहर में नई चर्चा छेड़ दी। पूरे दिन इसको लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आती रहीं। पुराने बनारसी इसे केवल एक शव यात्रा रोके जाने की घटना नहीं, बल्कि काशी की परंपरा और मानवीय संवेदनाओं से जुड़ा विषय मानते नजर आए। उनका कहना था कि शिव की नगरी में किसी शव को उसकी अंतिम यात्रा के दौरान रोकना, शिव और उस व्यक्ति दोनों का अनादर है, जो अपनी अंतिम यात्रा पर निकल चुका है।

कुछ लोगों का यह भी कहना था कि वीआइपी प्रोटोकॉल के आगे आम आदमी की अंतिम यात्रा को भी जगह नहीं मिल सकी। अगर प्रशासन चाहता तो कुछ देर के लिए प्रोटोकॉल रोककर शव यात्रा को रास्ता दिया जा सकता था। आखिर किसी व्यक्ति की अंतिम यात्रा को सम्मान देना भी प्रशासन की जिम्मेदारी और सामाजिक संवेदना का हिस्सा है। शहर में दिनभर ऐसी ही चर्चाएं और खुसुर-फुसुर होती रहीं।

पांच पड़ावों से जुड़ी है अंतिम यात्रा की परंपरा

बनारस में अंतिम यात्रा केवल एक स्थान से दूसरे स्थान तक शव ले जाने की प्रक्रिया नहीं है। इसके साथ वर्षों पुरानी परंपराएं जुड़ी हुई हैं। स्थानीय परंपरा के अनुसार, शव यात्रा शहर के पांच प्रमुख चौराहों पर ठहराव लेती है। इन पांच स्थानों पर शव को कुछ समय के लिए रखा जाता है। इसके बाद यात्रा आगे बढ़ती है और अपने अंतिम पड़ाव मणिकर्णिका या हरिश्चंद्र घाट तक पहुंचती है। इन ठहरावों का भी अपनी परंपरा में विशेष महत्व है।

ऐसे में अंतिम यात्रा को वीआइपी प्रोटोकॉल के नाम पर बीच रास्ते रोक देना कई सवाल खड़े करता है। सवाल सिर्फ रास्ता रोकने या यातायात व्यवस्था का नहीं, बल्कि उस परंपरा का है, जिसमें मृत्यु के बाद भी व्यक्ति को सम्मान के साथ विदाई देने की भावना जुड़ी हुई है।

काशी में सत्ता बदली, शासन बदला, व्यवस्था बदली और समय के साथ शहर का स्वरूप भी बदला, लेकिन मोक्ष की नगरी की पहचान आज भी कायम है। ऐसे में यह विचारणीय है कि जिस शहर में अंतिम यात्रा को भी उत्सव की तरह स्वीकार करने की परंपरा रही हो, वहां किसी वीआइपी के लिए उस यात्रा को रोकना आखिर किस व्यवस्था की तस्वीर पेश करता है।

क्या है पूरा मामला?

शनिवार, 28 नवंबर को वाराणसी के नमो घाट पर 'काशी-तमिल संगमम 5.0' का भव्य उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया था, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में भारत के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामिल हुए थे। कार्यक्रम के साथ-साथ वीवीआईपी अतिथियों का श्री काशी विश्वनाथ मंदिर और बाबा काल भैरव मंदिर में दर्शन-पूजन का भी कार्यक्रम निर्धारित था।

प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के मद्देनजर शहर के 52 प्रमुख स्थानों पर रूट डायवर्जन और वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा रखी थी।इसी दौरान जब वीआईपी काफिला मैदागिन क्षेत्र से गुजरने वाला था, तो पुलिस ने चौराहे के चारों तरफ से यातायात को पूरी तरह रोक दिया। वायरल हो रहे वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि यातायात रोके जाने के कारण लगी लंबी कतार में एक शव यात्रा भी फंस गई और काफिले के निकलने तक वहीं खड़ी रही।

सोशल मीडिया पर फूटा लोगों का गुस्सा

इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (पूर्व में ट्विटर) और फेसबुक पर स्थानीय नागरिकों व यूजर्स ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। लोगों का कहना है कि काशी की सदियों पुरानी परंपरा और मान्यता है कि यहां 'शव को ही शिव' माना जाता है और मणिकर्णिका या हरिश्चंद्र घाट की ओर जाने वाली किसी भी अंतिम यात्रा का रास्ता कभी नहीं रोका जाता।

यूजर्स ने इस घटना को बेहद संवेदनहीन और दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए लिखा कि काशी की गरिमा और मानवीय संवेदनाएं किसी भी वीआईपी प्रोटोकॉल से बड़ी होनी चाहिए। कई लोगों ने तंज कसते हुए कहा कि जिस काशी में शव को स्वयं शिव का रूप मानकर रास्ता दिया जाता है, वहां आज वीआईपी काफिले के लिए अंतिम यात्रा को भी इंतजार करना पड़ रहा है।

प्रशासनिक व्यवस्था पर उठे सवाल

हालांकि, यातायात पुलिस द्वारा पूर्व में जारी एडवाइजरी में शहर के प्रमुख मार्गों—बाबतरपुर, हरहुआ, कैंट, मैदागिन और गोदौलिया आदि क्षेत्रों में सुबह नौ बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक प्रतिबंध लागू रहने की बात कही गई थी। लेकिन आपातकालीन सेवाओं और शव यात्राओं को निर्बाध रास्ता देने के मानवीय नियम की अनदेखी को लेकर पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल, वायरल वीडियो के संबंध में पुलिस या जिला प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।