विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पंच प्यारों की अगुवाई में निकली गुरुनानक देव की शोभायात्रा, सिख समुदाय ने सड़कों की सफाई कर की पुष्पवर्षा

By Saurabh AgrawalEdited By: Abhishek sharma
Published: Sun, 15 Nov 2026 03:19 PM (IST)

वाराणसी में श्री गुरुनानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व पर भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें श्री गुरुग्रंथ साहिब और ...और पढ़ें

वाराणसी में गुरुनानक देव की शोभायात्रा, पंच प्यारों ने किया नेतृत्व।

वाराणसी में गुरुनानक देव की शोभायात्रा, पंच प्यारों ने किया नेतृत्व।

HighLights

  1. गुरुनानक देव जी का 557वां प्रकाश पर्व मनाया गया।

  2. पंच प्यारों की अगुवाई में भव्य शोभायात्रा निकाली गई।

  3. स्वच्छता संदेश के साथ गुरुवाणी कीर्तन और लंगर हुआ।

जागरण संवाददाता, वाराणसी। सिख धर्म के प्रथम गुरु एवं मानवता, प्रेम तथा आपसी भाईचारे का संदेश देने वाले श्री गुरुनानक देव जी महाराज के 557वें प्रकाश पर्व के पावन उपलक्ष्य में रविवार को शोभायात्रा निकाली गई।

गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के तत्वावधान में गुरुद्वारा गुरुबाग से जुगो जुग अटल श्री गुरुग्रंथ साहिब की छत्रछाया और पंच प्यारों की अगुवाई में यह शोभायात्रा प्रारंभ हुई।

sikh3

शोभायात्रा में फूलमालाओं और बिजली की झालरों से सजाई गई श्री गुरुग्रंथ साहिब की सवारी गाड़ी, गुरु साहिब की पालकी, घुड़सवार व पैदल पंच प्यारे तथा कीर्तन मंडलियां मुख्य आकर्षण का केंद्र रहीं।

निर्धारित मार्ग लक्सा, गिरजाघर चौराहा, नई सड़क, चेतगंज, लहुराबीर, मलदहिया, लाजपत नगर, नानक नगर, शास्त्री नगर, अशोक नगर, गांधी नगर, सिगरा चौराहा और रथयात्रा होते हुए यह यात्रा वापस गुरुद्वारा गुरुबाग पहुंचकर संपन्न हुई।

sikh1

मार्ग में हथुआ मार्केट, मलदहिया, लाजपत नगर, नानक नगर, साजन तिराहा, अशोक नगर और गांधी नगर सिगरा सहित विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं द्वारा पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया गया और प्रसाद वितरित किया गया।

संगत के साथ-साथ गुरुनानक खालसा बालिका इंटर कालेज गुरुबाग, गुरुनानक इंग्लिश मीडियम स्कूल गुरुबाग और गुरुनानक इंग्लिश स्कूल शिवपुर के विद्यार्थियों, शिक्षकों व कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। स्कूली बच्चों के बैंड की मधुर धुनों और शबद गायन ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक रंग में रंग दिया।

sikh2

साथ ही, बच्चे हाथों में 'स्वच्छ काशी-सुंदर काशी' का बैनर लेकर स्वच्छता का संदेश देते चल रहे थे, तो वहीं काशी की साध-संगत यात्रा मार्ग की पवित्रता बनाए रखने के लिए सड़कों की सफाई और धुलाई करती नजर आई। सिख परिवारों की महिलाएं और नानक नाम लेवा श्रद्धालु पूरे रास्ते श्रद्धापूर्वक गुरुवाणी कीर्तन करते रहे।

शोभायात्रा के गुरुद्वारा गुरुबाग वापस पहुंचने पर पुष्प-वर्षा और आरती के साथ स्वागत किया गया, जिसके बाद शबद कीर्तन, अरदास और गुरु का अटूट लंगर बरताया गया। इस अवसर पर गुरुद्वारे के मुख्य ग्रंथी रंजीत सिंह ने बताया कि 23 नवंबर की शाम और 24 नवंबर को प्रकाश पर्व के मुख्य दिन पंथ के प्रसिद्ध रागी जत्थे दिनभर शबद गायन, कीर्तन और कथा के माध्यम से संगत को निहाल करेंगे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।