मछलीशहर सांसद प्रिया सरोज और क्रिकेटर रिंकू सिंह की शादी में सियासत का कॉकटेल, सत्ता और विपक्ष का भी जमावड़ा
मछलीशहर सांसद प्रिया सरोज और क्रिकेटर रिंकू सिंह का विवाह 4 दिसंबर को लखनऊ में होगा। इस हाई-प्रोफाइल शादी में ...और पढ़ें

प्रिया सरोज रिंकू सिंह की शादी में सियासत का कॉकटेल सत्ता विपक्ष का जमावड़ा।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, वाराणसी। मछलीशहर की युवा सांसद प्रिया सरोज और भारतीय क्रिकेट टीम के विस्फोटक बल्लेबाज क्रिकेटर रिंकू सिंह का विवाह आगामी चार दिसंंबर को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में होने जा रहा है।
इस हाई-प्रोफाइल और बहुप्रतीक्षित आयोजन में केवल खेल और परिवारिक जश्न ही नहीं, बल्कि बड़े पैमाने पर ‘सियासत का कॉकटेल’ भी देखने को मिलेगा। इस ऐतिहासिक समारोह में सत्ता पक्ष, विपक्ष, एनडीए गठबंधन, 'इंडिया' गठबंधन के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के राजनीतिक समीकरणों के लिहाज से 'पीडीए' (PDA) की धुरी भी पूरी तरह सधती हुई नजर आ रही है।
सपा प्रमुख को सौंपा गया पहला निमंत्रण
शादी की तैयारियों के बीच राजनीतिक मुलाकातों का दौर भी शुरू हो चुका है। सांसद प्रिया सरोज ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को बीते दिनों उनके लखनऊ स्थित आवास पर जाकर अपनी शादी का आधिकारिक निमंत्रण पत्र सौंपा। इस दौरान उनके साथ उनकी बड़ी बहन प्रीति सरोज भी मौजूद थीं। पार्टी के भीतर इस आयोजन को लेकर खासा उत्साह है और समाजवादी पार्टी के सभी लोकसभा सांसदों, विधायकों तथा विधान परिषद सदस्यों (MLC) को व्यक्तिगत रूप से कार्ड वितरित किए जा रहे हैं।
दिग्गजों को आमंत्रण, कई बड़े नाम सूची में शामिल
इस भव्य आयोजन को राजनीतिक और सामाजिक सौहार्द का मंच बनाने के लिए देश भर के दिग्गज नेताओं को आमंत्रित किया गया है। समाजवादी पार्टी के दायरे से बाहर निकलकर दूसरे राज्यों के 94 सांसदों (लोकसभा और राज्यसभा दोनों सदनों के सदस्य) और कई केंद्रीय मंत्रियों को भी निमंत्रण भेजा गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और जय शाह सहित अन्य प्रमुख हस्तियों को भी विधिवत आमंत्रण भेजा जा चुका है। इसके अलावा एनसीपी नेत्री सुप्रिया सुले, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, अश्विनी वैष्णव और किंजरापु राममोहन नायडू जैसे वरिष्ठ नेताओं को भी विवाह समारोह में शामिल होने के लिए कार्ड प्रेषित किए गए हैं। वहीं आयोजन में यूपी में सत्ता पक्ष को भी निमंत्रण है। राजनीतिक गलियारों में इस बात की चर्चा है कि इस भव्य समारोह में विभिन्न दलों के दिग्गज एक ही छत के नीचे नजर आ सकते हैं।
मछलीशहर क्षेत्र के कार्यकर्ताओं को विशेष बुलावा
क्षेत्रीय जुड़ाव को प्राथमिकता देते हुए मछलीशहर लोकसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं को भी इस खुशी में बराबर की हिस्सेदारी दी गई है। स्थानीय स्तर पर कार्यकर्ताओं और समर्थकों के लिए कुल 1500 विशेष कार्ड बांटे गए हैं, ताकि जनता और जनप्रतिनिधि के बीच का यह रिश्ता और अधिक मजबूत हो सके। खेल और राजनीति के इस अनूठे संगम को लेकर उत्तर प्रदेश सहित पूरे देश के राजनीतिक हलकों में सरगर्मी तेज हो गई है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।