वाराणसी में फर्जी नियुक्ति पत्र पर ले लिया 15 लाख का पर्सनल लोन
वाराणसी में एक व्यक्ति ने फर्जी नियुक्ति पत्र के आधार पर बैंक ऑफ बड़ौदा से 15 लाख रुपये का पर्सनल ...और पढ़ें

वाराणसी में फर्जी नियुक्ति पत्र पर 15 लाख का पर्सनल लोन घोटाला।
HighLights
फर्जी नियुक्ति पत्र से बैंक से 15 लाख का लोन लिया।
सत्यापन एजेंसी ने दस्तावेजों को गलत तरीके से सत्यापित किया।
कोर्ट के आदेश पर आरोपी व एजेंसी पर केस दर्ज।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। बैंक को धोखे में रखकर फर्जी नियुक्ति पत्र के आधार पर बैंक आफ बड़ौदा की विश्वेश्वरगंज शाखा से 15 लाख रुपये का पर्सनल लोन ले लिया। लोन की किश्तें नहीं आने पर जांच हुई तो फर्जीवाड़े का पता चला।
मामले में बैंक के उप क्षेत्रीय प्रबंधक आनंद लखमानी ने कोतवाली थाने में तहरीर दी लेकिन सुनवाई नहीं हुई। कोर्ट में आवेदन किया जिसके बाद आदेश होने पर रविवार को कोतवाली में सत्यापन एजेंसी के साथ ही पांच नामजद लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया।
तहरीर के अनुसार गुलाब मौर्या निवासी धुरी कोट चकिया ने खुद को उप कृषि निदेशक कार्यालय, वाराणसी मंडल, लोहता बाजार में कार्यरत बताते हुए 15 लाख रुपये के पर्सनल लोन के लिए आवेदन किया। आवेदन के साथ वेतन पर्ची, फार्म-16, नियुक्ति-पत्र, वेतन खाते का विवरण, आधार और पैन कार्ड समेत अन्य अभिलेख प्रस्तुत किए।
बैंक के नियम के अनुसार दस्तावेजों के सत्यापन का जिम्मा अधिकृत एजेंसी मेसर्स सर्विस प्वाइंट को दिया गया। एजेंसी के अधिकृत अधिकारी और कर्मचारियों ने सत्यापन रिपोर्ट में सभी विवरणों को सही बताया जिसके आधार पर 15 लाख रुपये का व्यक्तिगत ऋण स्वीकृत कर दिया। पैसा कर्जदार के खाते में भेज दिया गया। लोन मिलने के बाद किश्तें नहीं आईं तो बैंक के प्रतिनिधि ने नियोक्ता कार्यालय से संपर्क किया तो फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ।
नियोक्ता कार्यालय ने कर्जदार द्वारा प्रस्तुत वेतन पर्ची, नियुक्ति-पत्र, फार्म-16 और अन्य सेवा संबंधी अभिलेखों को कूटरचित बताया। पूरे मामले में कोतवाली में तहरीर दी गई लेकिन केस दर्ज नहीं किया गया। इसके बाद बैंक ने कोर्ट में आवेदन किया। कोर्ट के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने आवेदनकर्ता गुलाब मौर्य और सत्यापन एजेंसी के नसीरुद्दीन अंसारी, अरुण कुमार, सर्फराज, नवीन पांडेय व मेसर्स सर्विस प्वाइंट के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।