विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वाराणसी में 15 लाख रुपये अतिरिक्त दहेज की मांग, विवाहिता को मारपीट कर सड़क किनारे फेंका

By Rajesh ChaubeyEdited By: Abhishek sharma
Published: Fri, 30 Oct 2026 07:42 PM (IST)

वाराणसी में अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी न होने पर एक विवाहिता को प्रताड़ित कर अर्द्धबेहोशी की हालत में सड़क ...और पढ़ें

वाराणसी में दहेज के लिए विवाहिता को पीटा, अर्द्धबेहोशी में सड़क किनारे छोड़ा।

वाराणसी में दहेज के लिए विवाहिता को पीटा, अर्द्धबेहोशी में सड़क किनारे छोड़ा।

HighLights

  1. विवाहिता को 15 लाख दहेज के लिए प्रताड़ित किया गया।

  2. मारपीट कर अर्द्धबेहोशी में सड़क किनारे फेंका गया।

  3. पुलिस ने पति समेत चार पर FIR दर्ज की।

जागरण संवाददाता, (चौबेपुर) वाराणसी। अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता को प्रताड़ित करने और मारपीट कर अर्द्धबेहोशी की हालत में सड़क किनारे फेंकने का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर चौबेपुर पुलिस ने पति, सास और दो ननद समेत चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

क्षेत्र के चन्द्रावती गांव निवासी ओमकार त्रिपाठी की पुत्री शिवा त्रिपाठी का विवाह 25 अप्रैल 2026 को कानपुर निवासी राजीव तिवारी उर्फ गुड्डू के साथ हुआ था। आरोप है कि शादी के कुछ दिनों बाद ही पति राजीव तिवारी, सास प्रेमकान्ती तिवारी और ननद प्रीति तिवारी उर्फ गुड्डी व शालिनी तिवारी उर्फ शालू ने 15 लाख रुपये अतिरिक्त दहेज की मांग शुरू कर दी। मांग पूरी नहीं होने पर आए दिन मारपीट करने के साथ ही कई दिनों तक भोजन नहीं देने और मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप है।

पीड़िता के मुताबिक, 26 जुलाई को ससुराल पक्ष के लोगों ने उसके साथ मारपीट की और अर्द्धबेहोशी की हालत में कपड़े में लपेटकर चौबेपुर क्षेत्र में विश्वकर्मा प्लाईवुड के पास सड़क किनारे छोड़ दिया। वहां प्लाईवुड संचालक गया प्रसाद की नजर उस पर पड़ी तो उन्होंने उसके पिता को सूचना दी। जानकारी मिलते ही पहुंचे परिजन विवाहिता को अपने साथ घर ले गए।

इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर पति, सास और दो ननद समेत चार नामजद आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।