काशी में निकली गोवर्धन शोभायात्रा, लट्ठबाजी के करतब और जय कन्हैया लाल के उद्घोष से गूंजा क्षेत्र
काशी में दीपावली के बाद गोवर्धन पूजनोत्सव पर विशाल शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें भक्ति, उत्साह और लोक-संस्कृति का अनूठा संगम ...और पढ़ें
HighLights
गोवर्धन शोभायात्रा में लट्ठबाजी के हैरतअंगेज करतब दिखाए गए।
कैप्टन योगेंद्र यादव ने शोभायात्रा का शुभारंभ किया।
यात्रा में सजीव झांकियां और पुष्प वर्षा हुई।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। काशी की सड़कें दीपावली के बाद भी भक्ति, उत्साह और लोक-संस्कृति के अनूठे रंगों में रंगी नजर आईं। गोवर्धन पूजनोत्सव के पावन अवसर पर चेतगंज हथुआ मार्केट से निकली विशाल शोभायात्रा का नजारा ऐसा था मानो समूचा वातावरण गोकुल धाम में तब्दील हो गया हो।
दोपहर 12 बजे जैसे ही परमवीर चक्र विजेता कैप्टन योगेंद्र यादव ने शोभायात्रा का शुभारंभ किया, शंखनाद और जयकारों की गूंज से आकाश गुंजायमान हो उठा। शोभायात्रा के सबसे आगे काशीवासियों के साथ पारंपरिक वेशभूषा में सजे ग्वाल-बालों की टोली उल्लास बिखेरते हुए चल रही थी।
युवाओं द्वारा बनारसी लट्ठबाजी (पटा बनेठी) के दिखाए जा रहे हैरतअंगेज करतबों ने दर्शकों को दांतों तले उंगली दबाने पर मजबूर कर दिया। हवा में लहराती लाठियां और पारंपरिक कला का यह हैरतअंगेज प्रदर्शन रास्ते भर लोगों के आकर्षण और कौतूहल का केंद्र बना रहा।
काफिला जैसे-जैसे लहुराबीर, कबीरचौरा, मैदागिन, मच्छोदरी और प्रहलादघाट भैंसासुर की ओर बढ़ा, सड़कों के दोनों किनारों और मकानों की छतों पर श्रद्धालुओं का हुजूम उमड़ पड़ा। दूर-दराज से आई भगवान श्रीकृष्ण, शिव-पार्वती और प्रभु श्री राम के जीवन प्रसंगों पर आधारित सजीव झांकियां हर किसी का मन मोह रही थीं।
इन सबके बीच केदारनाथ धाम के भव्य स्वरूप की झांकी को देख श्रद्धालु नतमस्तक हो गए। छतों से लगातार हो रही पुष्प वर्षा और 'हरे कृष्ण' व 'जय कन्हैया लाल की' के नारों से पूरा मार्ग भक्तिमय हो गया। रास्ते भर विभिन्न व्यापारिक एवं सामाजिक संगठनों ने जगह-जगह मंच लगाकर यात्रा का भव्य स्वागत किया और भक्तों के लिए शीतल जल व जलपान की उत्तम व्यवस्था की।
हर चेहरे पर उल्लास और भक्ति का भाव साफ झलक रहा था। लगभग पांच घंटे तक काशी की सड़कों पर आस्था का प्रवाह बिखेरते हुए यह ऐतिहासिक शोभायात्रा सायं 5 बजे गंगा तट स्थित नमो घाट के गोवर्धन धाम पहुंची, जहां उपस्थित लोगों ने करतल ध्वनि से इसका स्वागत किया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।