डंपर मछली विक्रेता को रौंदकर मकान में घुसा, मौत के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने वाराणसी- आजमगढ़ मार्ग किया जाम
चोलापुर के चमरहा बाजार में एक तेज रफ्तार डंपर ने मछली विक्रेता को कुचल दिया, जिससे उसकी मौत हो गई ...और पढ़ें

चोलापुर में डंपर ने मछली विक्रेता को रौंदा, तीन घायल; वाराणसी-आजमगढ़ मार्ग पर ग्रामीणों का जाम।
HighLights
तेज रफ्तार डंपर ने मछली विक्रेता विकास सोनकर को कुचला।
हादसे में विकास की मौत, तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल।
आक्रोशित ग्रामीणों ने वाराणसी-आजमगढ़ मार्ग को जाम किया।
जागरण संवाददाता (चोलापुर) वाराणसी। चोलापुर थाना क्षेत्र के चंदापुर पुलिस चौकी अंतर्गत चमरहा बाजार में रविवार दोपहर करीब तीनन बजे तेज रफ्तार डंपर ने सड़क किनारे मछली की दुकान पर बैठे युवक को रौंद दिया। इसके बाद सड़क किनारे बनी नाली और विद्युत पोल को तोड़ते हुए बगल के मकान में जा घुसा।
हादसे में मछली विक्रेता विकास सोनकर (24) की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वाराणसी की ओर से आजमगढ़ जा रहा हाइवा डंपर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी नाली को तोड़ते हुए विद्युत पोल से टकराया।
इसके बाद दुकान पर बैठे विकास को रौंदते हुए मकान में जा घुसा। हादसे के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई। घायलों में सोती हरिजन (45) की हालत गंभीर बताई गई है, जबकि दो अन्य लोग भी बुरी तरह जख्मी हुए हैं।
मृतक तीन भाइयों में बीच का था। उसके परिवार में पत्नी मोनी सोनकर के अलावा एक पुत्र और एक पुत्री हैं। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने वाराणसी-आजमगढ़ मार्ग पर शाम तक जाम लगा दिया।
घंटों से दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। बड़ी संख्या में ग्रामीण सड़क पर जुटे रहे। सूचना पर कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। एसीपी सारनाथ विनय कुमार द्विवेदी और एसडीएम सदर नितिन सिंह पीड़ित परिवार से वार्ता कर जाम समाप्त कराने का प्रयास करते रहे।
