वाराणसी में कोटेशन से अधिक भुगतान के बावजूद दस हजार रुपये की मांग, केस दर्ज
वाराणसी में लाइट बोर्ड लगाने के भुगतान को लेकर एक दुकानदार को ठेकेदार और उसके साथियों ने पीटा। निर्धारित कोटेशन से अधिक भुगतान के बावजूद 10 हजार रुपये अतिरिक्त मांगने पर यह घटना हुई, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।

वाराणसी में लाइट बोर्ड भुगतान विवाद, दुकानदार से मारपीट और धमकी।
HighLights
दुकानदार को लाइट बोर्ड भुगतान विवाद में पीटा गया।
ठेकेदार ने कोटेशन से अधिक 10 हजार रुपये मांगे।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र के पहड़िया मंडी रोड स्थित नई बस्ती में लाइट बोर्ड लगाने के भुगतान को लेकर दुकानदार से मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि निर्धारित कोटेशन से अधिक भुगतान करने के बावजूद ठेकेदार ने दो अन्य व्यक्तियों के साथ दुकान पर पहुंचकर 10 हजार रुपये की अतिरिक्त मांग की।
विरोध करने पर दुकानदार को गाली-गलौज कर पीटा गया और दुकान जलाने की धमकी दी गई। मामले में आलोक कुमार सोनी ने लालपुर-पांडेयपुर थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। आलोक कुमार सोनी निवासी रमरेपुर, पहड़िया की नई बस्ती, पहड़िया मंडी रोड पर ईगल इलेक्ट्रिक कंपनी के नाम से दुकान है। उन्होंने दुकान पर एसीपी लाइट बोर्ड लगवाने के लिए शिवचरण पुत्र रामप्रसाद से बातचीत की थी।
आरोप है कि शिवचरण ने आठ अक्टूबर को काम के लिए 45,440 रुपये का लिखित कोटेशन दिया था। सहमति के आधार पर दुकान पर लाइट बोर्ड लगाने का काम पूरा किया गया। इसके बाद शिवचरण ने 56 हजार रुपये की मांग शुरू कर दी, जबकि आलोक के अनुसार वह अब तक 46,225 रुपये का भुगतान कर चुके थे।
आरोप है कि 26 नवंबर को शाम करीब चार बजे शिवचरण दो अज्ञात व्यक्तियों के साथ दुकान पर पहुंचा। तीनों ने गाली-गलौज करते हुए 10 हजार रुपये अतिरिक्त देने का दबाव बनाया। विरोध करने पर शिवचरण के साथ आए दोनों व्यक्तियों ने आलोक का कालर पकड़कर मारपीट की, जिससे उनकी नाक पर गंभीर चोट आई। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।