कांग्रेस नेता ने एयर शो के नाम पर राजनीतिक प्रचार का लगाया आरोप, पूछा - क्या एयर शो भाजपा के जनप्रतिनिधियों और समर्थकों के लिए है?
कांग्रेस नेता राघवेंद्र चौबे ने वाराणसी एयर शो के पास वितरण को लेकर भाजपा पर राजनीतिक प्रचार का आरोप लगाया ...और पढ़ें

वाराणसी एयर शो पर कांग्रेस का आरोप: भाजपा कर रही राजनीतिक प्रचार, सेना का सम्मान दलगत राजनीति से ऊपर।
HighLights
कांग्रेस ने वाराणसी एयर शो के पास वितरण पर सवाल उठाए।
भाजपा पर सेना के आयोजन को राजनीतिक लाभ देने का आरोप।
सेना का सम्मान दलगत राजनीति से ऊपर होना चाहिए।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। वाराणसी में एयरशो के पास को लेकर सोशल मीडिया पर कुछ तस्वीरें वायरल होने के बाद से ही विपक्ष के निशाने पर आयोजन को लेकर सत्ता पक्ष पर आरोप लगाया जा रहा है। इसी कड़ी में महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने एयर शो को लेकर भारतीय जनता पार्टी के जनप्रतिनिधियों पर निशाना साधते हुए कहा कि अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में पास बनवाकर वितरित करना अनुचित है।
कहा कि भारतीय सेना के शौर्य, पराक्रम और वीरता पर प्रत्येक देशवासी को गर्व है। हमारी सेना देश की सुरक्षा का मजबूत प्रहरी है, जिसके कारण देशवासी अपने घरों में सुरक्षित महसूस करते हैं। भारतीय सेना ने अपने अदम्य साहस, वीरता और रणनीतिक क्षमता से पूरी दुनिया में भारत का मान बढ़ाया है। सेना के वीर जवानों के शौर्य को हम शत-शत नमन करते हैं।
बताया कि सेना के इसी गौरवशाली पराक्रम के बीच भाजपा के जनप्रतिनिधियों द्वारा एयर शो के लिए अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में पास बनवाकर वितरित करना, पास पर अपनी तस्वीर लगाकर प्रचार करना और सेना के आयोजन को राजनीतिक लाभ का माध्यम बनाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
सवाल उठाया कि क्या एयर शो केवल भाजपा के जनप्रतिनिधियों और उनके समर्थकों के लिए है? क्या आम काशीवासियों को भी सम्मानपूर्वक पास उपलब्ध कराने की व्यवस्था है? यदि सेना का आयोजन देश की जनता के लिए है, तो उसमें किसी राजनीतिक दल के जनप्रतिनिधियों के प्रचार और व्यक्तिगत छवि चमकाने की क्या आवश्यकता है?
आरोप लगाया कि भारतीय सेना किसी राजनीतिक दल की जागीर नहीं है, बल्कि पूरे देश का गौरव है। सेना का सम्मान दलगत राजनीति से ऊपर है। सेना के नाम पर अपनी तस्वीरों का प्रचार करना और उसके पराक्रम को राजनीतिक उपलब्धि की तरह प्रस्तुत करना सेना की गरिमा के अनुरूप नहीं है। भाजपा के जनप्रतिनिधियों को यह समझना चाहिए कि सेना का सम्मान करने और सेना के नाम पर राजनीतिक प्रचार करने में बहुत बड़ा अंतर है।
बताया कि काशी की जनता सब देख रही है और समय आने पर लोकतांत्रिक तरीके से इसका जवाब देगी। कहा कि हम भारतीय सेना के पराक्रम, वीरता और शौर्य को सलाम करते हैं। देश की रक्षा करने वाले वीर जवानों के प्रति हमारा सम्मान सर्वोपरि है। भाजपा को सेना के नाम पर राजनीति करने और उसके गौरव का इस्तेमाल अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए करने से बचना चाहिए।
