विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

काशी में मां अन्नपूर्णा का 17 दिवसीय महाव्रत शुरू, महंत शंकरपुरी ने श्रद्धालुओं को बांटे 17 गांठ वाले पवित्र धागे

By Pradyuman Pandey RamuEdited By: Abhishek sharma
Published: Sun, 29 Nov 2026 01:05 PM (IST)Updated: Sun, 29 Nov 2026 01:18 PM (IST)

धर्मनगरी काशी में मां भगवती अन्नपूर्णा का 17 दिवसीय वार्षिक महाव्रत 29 नवंबर से शुरू हो गया है, जिसमें श्रद्धालु 17 गांठ वाले पवित्र धागे को धारण कर संकल्प लेते हैं। यह महाव्रत 15 दिसंबर को चंपा छठ पर समाप्त होगा, जिसमें मां अन्नपूर्णा को नई फसल का भोग लगाकर सुख-समृद्धि की कामना की जाएगी।

HighLights

  1. काशी में मां अन्नपूर्णा का 17 दिवसीय महाव्रत प्रारंभ हुआ।

  2. महंत शंकरपुरी ने श्रद्धालुओं को 17 गांठ वाला धागा बांटा।

  3. व्रत का समापन 15 दिसंबर को चंपा छठ पर होगा।

वाराणसी, जागरण संवाददाता। धर्मनगरी काशी में अन्न, धन और समृद्धि की अधिष्ठात्री देवी मां भगवती अन्नपूर्णा का वार्षिक 17 दिवसीय महाव्रत रविवार (29 नवंबर) से विधि-विधान के साथ शुरू हो गया।महाव्रत के पहले दिन भोर में अन्नपूर्णा मंदिर में 17 गांठ वाले पवित्र धागे का सविधि पूजन-अर्चन किया गया। इसके बाद मंदिर के महंत शंकरपुरी जी महाराज ने अपने हाथों से श्रद्धालुओं को धागा वितरित किया।

 हाथों में धागा बांधकर लिया महाव्रत का संकल्प
भोर में पूजन के उपरांत महंत शंकरपुरी महाराज से पवित्र धागा प्राप्त करने के बाद महिलाओं ने इसे बाएं हाथ में और पुरुषों ने दाहिने हाथ में धारण किया।परंपरा के अनुसार श्रद्धालुओं ने 17 साल, 17 महीने और 17 दिन के महाव्रत का संकल्प लिया। मान्यता है कि सच्चे मन और नियम-संयम से लगातार 17 वर्षों तक यह व्रत करने वाले भक्तों की मनोकामनाएं मां अन्नपूर्णा पूर्ण करती हैं और परिवार में सुख-समृद्धि व अन्न की बरकत बनी रहती है।

15 दिसंबर को चंपा छठ पर सजेगा दरबार

महाव्रत के दौरान अगले 17 दिनों तक श्रद्धालु सुबह और शाम घर व मंदिर में मां अन्नपूर्णा की पूजा-अर्चना करेंगे तथा माता की कथा का श्रवण करेंगे।व्रत के नियमों के तहत श्रद्धालु अपनी सामर्थ्य के अनुसार पूरे 17 दिन या पहले व अंतिम दिन बिना नमक के फलाहार अथवा चुनिंदा सात्विक आहार का पालन करते हैं।

इस महाव्रत का समापन 15 दिसंबर को चंपा छठ के अवसर पर होगा।उस दिन मां अन्नपूर्णा का भव्य श्रृंगार किया जाएगा और पूर्वांचल के किसानों की ओर से अर्पित नई फसल की धान की बालियों से मंदिर परिसर को सजाकर मां को नए अन्न का भोग लगाया जाएगा।इसके अगले दिन 16 दिसंबर को श्रृंगार में प्रयुक्त धान की बालियां श्रद्धालुओं में प्रसाद के रूप में वितरित की जाएंगी, जिन्हें भक्त अपने अन्न भंडार में रखते हैं।

परंपराओं और मान्‍यताओं का आयोजन

अन्नपूर्णा मंदिर में माँ भगवती अन्नपूर्णा देवी जी का वार्षिक सत्रह दिवसीय महाव्रत आज से शुरू हो गया है। भोर में मंदिर में महंत शंकर पुरी जी महाराज ने 17 गांठ वाले धागे का सविधि पूजन-अर्चन किया। इसके बाद उन्होंने अपने हाथों से भक्तों को धागा वितरित किया। महिलाओं ने धागा बाएं हाथ में और पुरुषों ने दाहिने हाथ में धारण किया।

व्रत का संकल्प लेते हुए भक्तों ने 17 साल, 17 महीने और 17 दिन के महाव्रत का संकल्प लिया।महंत शंकर पुरी ने बताया कि आज माता अन्नपूर्णा का सत्रह दिन का व्रत शुरू हो रहा है। आज पंचमी होने के कारण माता जी का व्रत शुरू होगा और चंपा छठ तक चलेगा। उन्होंने कहा कि इसका विधि-विधान से पूजा-अर्चन करना चाहिए। मंदिर में आकर धागा लेकर जाना चाहिए।

सत्रह गांठ का धागा ले जाकर अपने घर में दोनों टाइम पूजा करना चाहिए, सुबह और शाम। माता जी की कथा का श्रवण करना चाहिए, किसी ब्राह्मण को बुलाकर या अपने से। महंत जी ने बताया कि दोनों टाइम पूजा-अर्चना करने के बाद सत्रह दूध, सत्रह चावल, सत्रह प्रकार से रोटी माता जी को लगाना है और भोग लगाकर आरती करना है। किसी प्रकार की मनोकामना हो तो माता अन्नपूर्णा निश्चित ही उन सत्रह सालों में पूर्ण करती हैं। यह व्रत सत्रह दिन का होता है और सत्रह साल का होता है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।