प्रदेश के पहले नेचुरोपैथी और पंचकर्म हट्स का 95 प्रतिशत कार्य पूर्ण, जनवरी में होगा शुभारंभ
वाराणसी में प्रदेश का पहला नेचुरोपैथी और पंचकर्म हट्स 95% से अधिक पूरा हो चुका है, जिसका जनवरी में शुभारंभ ...और पढ़ें

वाराणसी में प्रदेश का पहला नेचुरोपैथी और पंचकर्म केंद्र जनवरी में होगा शुरू।
HighLights
वाराणसी में प्रदेश का पहला वेलनेस टूरिज्म केंद्र तैयार।
95% कार्य पूर्ण, जनवरी में शुभारंभ की तैयारी।
प्राकृतिक चिकित्सा, पंचकर्म थेरेपी और योग पर आधारित।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। जिले में प्रदेश का पहला वेलनेस टूरिज्म केंद्र वाराणसी-गाजीपुर मार्ग स्थित बहादुरपुर गांव में बन रहा है। परियोजना का 95 प्रतिशत से अधिक कार्य पूरा हो चुका है। कार्यदायी एजेंसी यूपीपीसीएल ने अगस्त 2026 तक ही निर्माण पूर्ण करने की बात कही थी, लेकिन तय समय में नहीं हो पाया है। हालांकि आयुष मंत्री के निरीक्षण के बाद कार्य में तेजी आई है और जनवरी में शुभारंभ करने की योजना बनाई जा रही है।
उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट्स कारपोरेशन लिमिटेड द्वारा 984.51 लाख रुपये की लागत से संचालित इस परियोजना का शिलान्यास छह सितंबर 2024 को आयुष, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डा. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ के कर-कमलों से हुआ था। परियोजना के तहत पंचकर्म हट जी-प्लस वन का बनाया गया है।
इस भवन में दो सूईट व स्वीमिंग पुल भी है। निर्माण स्थल पर फिलहाल मजदूरों का दल सक्रिय है। वर्तमान में कमरों की कमी के कारण यहां संचालित आयुर्वेदिक चिकित्सालय को चिरईगांव के नरपतपुर में अस्थायी रूप से शिफ्ट कर दिया गया है। निर्माण पूरा होने पर इसे वापस मूल स्थान पर संचालित किया जाएगा।
परियोजना के तहत अब तक करोड़ों रुपये खर्च हो चुके हैं और गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। यूपीपीसीएल के प्रोजेक्टर मैनेजर मानवेंद्र सिंह ने बताया कि फिनिशिंग का कार्य अंतिम चरण में है। बजट के हिसाब से नेचुरोपैथी उपयोग के लिए 38.25 लाख से सामान मंगाए जा रहे है।
केंद्र प्राकृतिक चिकित्सा, पंचकर्म थेरेपी व योग पर होगा आधारित
अधिकारियों से प्राप्त जानकारी के अनुसार केंद्र में योगा हाल, हर्बल गार्डन, थेरेपी रूम, पंचकर्म हट्स एवं अन्य आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। यह केंद्र प्राकृतिक चिकित्सा, पंचकर्म थेरेपी एवं योग पर आधारित होगा, जो मधुमेह, उच्च रक्तचाप, तनाव एवं अन्य जीवनशैली संबंधी रोगों के इलाज में कारगर साबित होगा।
नेचुरोपैथी और पंचकर्म हट्स जनवरी में शुभारंभ हो जाएगा। यह केंद्र वाराणसी को वैश्विक वेलनेस टूरिज्म हब बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। काशी की आध्यात्मिक विरासत के साथ प्राकृतिक चिकित्सा का समन्वय देश-विदेश के पर्यटकों को आकर्षित करेगा। वाराणसी में पर्यटकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए यह परियोजना और भी प्रासंगिक हो गई है
डा. दयाशंकर मिश्र, आयुष मंत्री वाराणसी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।