विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वाराणसी एयरपोर्ट के नए टर्मिनल का 89 प्रतिशत काम पूरा, जनवरी में प्रधानमंत्री कर सकते हैं लोकार्पण

By Jayprakash Pandey Edited By: Abhishek sharma
Published: Fri, 27 Nov 2026 12:28 PM (GMT+05:30)

वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के नए टर्मिनल भवन का 89% काम पूरा हो चुका है, जिसका लक्ष्य 31 दिसंबर तक पूरा करना है। जनवरी 2027 में प्रधानमंत्री मोदी द्वारा लोकार्पण की संभावना है, जिससे हवाई अड्डे की क्षमता 60 लाख यात्री प्रतिवर्ष हो जाएगी।

-प्रधानमंत्री कार्यालय भी परियोजना की प्रगति की कर रहा है मानीटरिंग।

-प्रधानमंत्री कार्यालय भी परियोजना की प्रगति की कर रहा है मानीटरिंग।

HighLights

  1. नए टर्मिनल भवन का 89% निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है।

  2. 31 दिसंबर तक पूरा करने का लक्ष्य, पीएमओ कर रहा निगरानी।

  3. जनवरी 2027 में प्रधानमंत्री मोदी द्वारा लोकार्पण संभव है।

जागरण संवाददाता बाबतपुर। लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के विस्तार और नए टर्मिनल भवन के निर्माण का काम तेजी से चल रहा है। टर्मिनल बिल्डिंग का लगभग 89 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है और 31 दिसंबर तक इसे पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है।

उड्डयन मंत्री ने भी 31 दिसंबर तक शेष कामों को पूरा करने निर्देश दिया है। वहीं, जनवरी-2027 के पहले सप्ताह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हाथों योजना को लोकार्पित होने की संभावना को देखते हुए कार्यदायी संस्था को तेजी से काम करने का निर्देश दिया गया है। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) भी परियोजना की प्रगति की मानीटरिंग कर रहा है।

एयरपोर्ट विस्तारीकरण में मल्टी-लेवल कार पार्किंग का काम लगभग पूरा हो चुका है। मुख्य टर्मिनल बिल्डिंग का काम भी अंतिम दौर में है।बिल्डिंग में पेंटिंग का काम भी आखिरी चरण में चल रहा है। वहीं, बिल्डिंग के ऊपरी सिरे पर श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर की तरह गुंबद रखना बाकी है जो आकर्षण का केंद्र होगा।

दो माह पूर्व दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचे केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरप्पू राममोहन नायडू ने देर रात नए टर्मिनल भवन का निरीक्षण कर अधिकारियों से प्रगति रिपोर्ट ली थी। उन्होंने 31 दिसंबर तक हरहाल में काम पूरा करने का निर्देश दिया है।

नौ सौ करोड में बन रहा टर्मिनल बिल्डिंग
75000 वर्गमीटर में बन रहे इस टर्मिनल बिल्डिंग में काशी की संस्कृति और आधुनिकता का मेल देखने को मिलेगा। अहलूवालिया कंस्ट्रक्शन कंपनी को निर्माण की जिम्मेदारी मिली है। 75000 वर्गमीटर में बनने वाले एयरपोर्ट पर लगभग 900 करोड़ खर्च होंगे। परियोजनाओं पूरी होने के साथ टर्मिनल बिल्डिंग में प्रतिवर्ष 60 लाख यात्रियों की आवाजाही की क्षमता होगी। तीन मंजिला टर्मिनल बिल्डिंग में ग्राउंड फ्लोर पर प्रवेश हाल है। प्रथम तल पर प्रस्थान हाल और द्वितीय तल पर कार्यालय बनेगा।

काशी की दिखेगी संस्कृति
टर्मिनल बिल्डिंग में आठ एयरो ब्रिज, 72 चेक इन काउंटर, आठ कन्वेयर बेल्ट सहित 14 सिक्योरिटी काउंटर्स होंगे। सिक्योरिटी होल्ड एरिया में काशी की संस्कृति से जुड़ी कलाकृतियां होंगी जिस पर वैदिक मंत्र लिखा होगा। टर्मिनल में लाइट का काम ज्यादा किया गया है जिससे नेचुरल तरीके से रोशनी बिल्डिंग के अंदर आती रहे। टर्मिनल बिल्डिंग में एक समय में पांच हजार यात्रियों के आवागमन की व्यवस्था होगी। प्रतिवर्ष 60 लाख से अधिक यात्री यहां से यात्रा कर सकेंगे। इस समय रोज लगभग 66 विमानों से 12000-13000 यात्रियों का आवागमन होता है।

विमान नहीं होंगे डायवर्ट
अध्यात्म की नगरी काशी में पर्यटकों भीड़ के चलते एयरपोर्ट छोड़ापड़ रहा था। यह टर्मिनल वर्ष 2010 में बना था उस दौरान रोज 15-20 विमान से 3000-5000 यात्रियों का आवागमन होता था लेकिन अब यह संख्या लगभग तीन से चार गुना बढ़कर हो चुकी है। एयरपोर्ट आइएलएस कैटेगरी तीन का न होने के चलते विमानन कंपनियां एयरपोर्ट से विमान संचालन करने से कतराती हैं। क्योंकि, आइएलएस कैटेगरी तीन के नहीं होने से मौसम खराब होने के कारण विमान को डायवर्ट या निरस्त करना पड़ता है। इससे विमानन कंपनियों को आर्थिक नुकसान होता है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।