पूर्वांचल में पांच दिनों में 8,557 वाहनों का चालान, 56 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला, लापरवाही पड़ रही भारी
एडीजी जोन के निर्देश पर पूर्वांचल के नौ जिलों में सड़क सुरक्षा पखवाड़े के तहत 8,557 वाहनों का चालान कर 56 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला गया है। यह अभियान सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए 30 नवंबर तक चलेगा।

पूर्वांचल में सड़क सुरक्षा अभियान तेज 8557 वाहनों का चालान 56 लाख से अधिक जुर्माना।
HighLights
पूर्वांचल के नौ जिलों में 8,557 वाहनों का चालान हुआ।
स्टंट ड्राइविंग, ओवरस्पीडिंग, मोबाइल उपयोग पर कार्रवाई की गई।
सड़क दुर्घटनाएं घटाने हेतु 30 नवंबर तक चलेगा अभियान।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। सड़क सुरक्षा पखवाड़ा के तहत चलाए जा रहे अभियान के क्रम में एडीजी जोन नवीन अरोरा के निर्देश पर नौ जिलों जौनपुर, गाजीपुर, चंदौली, मीरजापुर, सोनभद्र, भदोही, आजमगढ़, बलिया और मऊ में अब तक 8,557 वाहनों का चालान किया गया है। इनसे 56 लाख 62 हजार 567 रुपये का जुर्माना वसूला गया है।
एडीजी ने बताया कि स्टंट ड्राइविंग के विरुद्ध 5,561 वाहनों की चेकिंग की गई जिसमें 225 का चालान किया गया। ओवर स्पीडिंग में 2193 वाहनों का चालान किया गया। वाहन चलाते समय मोबाइल प्रयोग पर 1,137 वाहनों का चालान और रील बनाने वाले 20 युवकों पर कार्रवाई की गई। 14,039 युवाओं को सुरक्षित वाहन चलाने के लिए जागरूक किया गया।
तीन अवैध बस स्टैंड, 10 अवैध टैक्सी स्टैंड और 31 अवैध ई-रिक्शा स्टैंड चिह्नित कर हटाए गए। बिना हेलमेट 4,660 वाहनों का चालान कर 29,81,000 रुपये चालान वसूला गया। बिना सीट बेल्ट के 322 वाहनों से 85,000 रुपये चालान वसूला गया। एडीजी ने कहा कि बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं एवं मृतकों की संख्या में कमी लाने के लिए लोगों को ट्रैफिक नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया जा रहा है। यह अभियान 30 नवंबर तक चलेगा।