जानलेवा डायरिया का कहर जारी, 57 और भर्ती होने के बाद 18 स्थानों से पानी के लिए गए नमूने, जांच में तीन मिले निगेटिव
रामनगर क्षेत्र में डायरिया का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। गुरुवार को भी इससे पीडि़त 57 मरीज अस्पताल में भर्ती हुए।
वाराणसी, जेएनएन। रामनगर क्षेत्र में डायरिया का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। गुरुवार को भी इससे पीडि़त 57 मरीज अस्पताल में भर्ती हुए। इसकी रोकथाम के लिए दो विभाग के कर्मचारी क्लोरीन व ओआरएस का पैकेज बांट रहे है। इसके अलावा नागरिकों को जागरूक भी किया जा रहा है। विगत दिनों की तुलना में कुछ सुधार जरूर है लेकिन आकड़ों को देखें तो हालात संतोषजनक बिल्कुल नहीं है।
स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने 18 स्थानों से पानी को परखने के लिए जांच किया जिसमें तीन निगेटिव पाए गए। हालांकि भर्ती मरीजों में कुछ ऐसे भी पाए गए जिनके घरों पर आरओ मशीन लगे हुए थे। गत छह दिनों से नगर में सैकड़ों लोग अस्पताल में भर्ती हो चुके हैं। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष व एमएलसी लक्ष्मण आचार्य, पालिका अध्यक्ष रेखा शर्मा से लगायत सभासद हरिशंकर सिंह, संतोष शर्मा, मणिशंकर शर्मा, रितेश पाल सहित अन्य सभासद जहां समय-समय पर अस्पताल में जाकर निरीक्षण कर रहे हैं वहीं सीएमओ वीबी सिंह तथा सीएमएस डा. कमल कुमार के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम वार्डों में जाकर लोगों को जागरूक करने में जुटी हुई है।
स्ट्रेचर पर हो रहा इलाज, बेड पड़े कम
अचानक डायरिया पीडि़त मरीजों की संख्या में वृद्धि से अस्पताल के सभी बेड फुल हो गए हैं। एक पर दो-दो मरीजों का इलाज हो रहा है। इसके अलावा स्ट्रेचर पर भी इलाज मजबूरी बन गई है। आकस्मिक कक्ष के बरामदे सहित गलियारों व वार्डो में उपचार किया जा रहा है। वहीं क्षेत्रीय विधायक के अभी तक अस्पताल न पहुंचने पर लोग सोशल मीडिया पर तरह-तरह की टिप्पणी कर रहे हैं।