वाराणसी में पकड़ा गया तेंदुआ चंदौली के जंगल में छोड़ा गया, फिर लौट आया तब क्या होगा?
वाराणसी के छावनी क्षेत्र में 25 दिनों तक दहशत फैलाने वाले तेंदुए को आखिरकार वन विभाग ने पकड़ लिया। उसे ...और पढ़ें

वाराणसी में 25 दिन बाद पकड़ा गया तेंदुआ चंदौली में छोड़ा गया वापसी का डर।
HighLights
तेंदुए ने वाराणसी छावनी क्षेत्र में 25 दिन दहशत फैलाई।
वन विभाग ने पिंजरे में फंसाकर तेंदुए को पकड़ा।
पकड़े गए तेंदुए को चंदौली के जंगल में छोड़ा गया।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। शहर के छावनी क्षेत्र में 25 दिनों तक दहशत फैलाने वाला तेंदुए को वन विभाग ने आखिरकार पकड़ लिया। पुराने चर्च के पास बंगला नंबर 61 परिसर में लगाए गए पिंजरे में वह रविवार देर रात करीब एक बजे कैद हो गया। मगर तेंदुआ पड़ोसी जिले में ही छोड़ दिया गया है, जहां से उसका लौट आना भी संभव है।
प्रभागीय वनाधिकारी निधि चौहान ने बताया कि तेंदुए को पकड़ने के लिए तीन स्थानों पर बकरी के साथ लोहे के पिंजरे लगाए गए थे। वन कर्मियों की टीमें दिन-रात निगरानी कर रही थीं। तेंदुए को चंदौली में चकिया के जंगल में छोड़ दिया गया है। वहीं पर पश्चिमी उत्तर प्रदेश से पकड़े गए तेंदुए काफी समस से छोड़े जा रहे हैं माना जा रहा है कि यह भी वहीं से आया हुआ हो सकता है।
22 अक्टूबर की रात सेंट मेरीज स्कूल के सुरक्षाकर्मी राजेंद्र कुमार ने कुत्तों के लगातार भौंकने की आवाज सुनकर परिसर में जाकर देखा तो तेंदुआ दिखाई पड़ा। उन्होंने सुरक्षित स्थान पर पहुंचकर स्कूल प्रबंधन को सूचना दी। मौके पर पहुंची कैंट पुलिस और वन विभाग की टीम ने स्कूल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो तेंदुआ परिसर में टहलता दिखाई दिया।
प्रभागीय वनाधिकारी निधि चौहान ने निरीक्षण के बाद तीन टीमें गठित कर तलाश शुरू कराई। तेंदुए के पदचिह्नों की पहचान के लिए गोरखपुर से वन विभाग की टीम बुलाई गई। छावनी परिषद ने ड्रोन कैमरे से भी निगरानी कराई, लेकिन तेंदुआ पकड़ में नहीं आया। इस बीच 39 जीटीसी और छोटी कटिंग मेमोरियल में भी तेंदुए के दिखाई देने की सूचना मिली।
इस दौरान वन विभाग के कुछ लोगों ने उसके वन बिलार होने की आशंका भी जताई। छह दिनों बाद ही सेंट मेरीज स्कूल भी खोल दिया गया। बच्चे क्लास रूम में पढ़ने के साथ स्कूल परिसर के मैदान में खेलने भी लगे। चर्च, स्कूल, छावनी परिषद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और कैंट थाने की ओर लोगों का बेरोकटोक आना-जाना जारी रहा। संयोग रहा कि 25 दिनों तक शहर के बीच घूमते रहे तेंदुए ने किसी व्यक्ति को शिकार नहीं बनाया। इस दौरान वह छावनी क्षेत्र में बकरियों व कुत्तों आदि को शिकार बनाता रहा।
500 मीटर के दायरे में अधिकारियों के बंगले, माल और होटल
पुराने चर्च के पास जिस स्थान पर तेंदुआ पकड़ा गया, वहां से करीब 500 मीटर के दायरे में वरिष्ठ अधिकारियों के बंगले, जेएचवी माल और आलीशान होटल हैं। तेंदुए की मौजूदगी से छावनी क्षेत्र के लोग दहशत में थे। रात में घरों से बाहर निकलने और बच्चों को खेलने के लिए भेजने से परहेज कर रहे थे। हालांकि, क्षेत्र में एक और तेंदुए की मौजूदगी की चर्चा भी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।