बाबा विश्वनाथ के दरबार में पहुंचे तमिलनाडु के 250 छात्र, हर-हर महादेव से गूंजा धाम
काशी तमिल संगमम-5.0 में भाग लेने आए तमिलनाडु के 250 छात्रों ने श्री काशी विश्वनाथ धाम में बाबा के दर्शन-पूजन किए। उनका पारंपरिक स्वागत हुआ और उन्होंने धाम का भ्रमण कर मंदिर के इतिहास व कॉरिडोर के विकास की जानकारी ली।

काशी तमिल संगमम में तमिलनाडु के छात्रों ने किए बाबा विश्वनाथ के दर्शन।
HighLights
तमिलनाडु के 250 छात्रों ने काशी विश्वनाथ धाम में दर्शन किए।
छात्रों का वैदिक मंत्रोच्चार और डमरू वादन से पारंपरिक स्वागत हुआ।
उन्होंने धाम का भ्रमण कर मंदिर के इतिहास और विकास को जाना।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। काशी तमिल संगमम-5.0 में भाग लेने आए तमिलनाडु के 250 छात्रों ने शनिवार को श्री काशी विश्वनाथ धाम में बाबा के दर्शन-पूजन किए। वैदिक मंत्रोच्चार, डमरू वादन और पुष्पवर्षा के बीच छात्रों का पारंपरिक स्वागत किया गया। बाबा के दर्शन के बाद छात्रों ने एक स्वर में हर-हर महादेव और जय गंगा मैया के जयकारे लगाए। इससे पूरा धाम शिवमय हो उठा।
मंदिर प्रशासन की ओर से तमिलनाडु से आए अतिथियों का अभिनंदन किया गया। सभी छात्रों को अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया। इस दौरान मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) सत्यम मिश्रा भी मौजूद रहे।
दर्शन-पूजन के बाद छात्रों ने भव्य काशी विश्वनाथ धाम कॉरिडोर का भ्रमण किया। मंदिर प्रशासन की ओर से उन्हें काशी विश्वनाथ मंदिर के प्राचीन इतिहास, स्थापत्य कला, धार्मिक महत्ता और इसके पुराने स्वरूप की जानकारी दी गई। साथ ही मंदिर के वर्तमान स्वरूप और कॉरिडोर के विकास से भी परिचित कराया गया। इसके बाद सभी अतिथियों ने मंदिर प्रशासन की ओर से संचालित अन्नक्षेत्र में भोजन किया।
इस दौरान के. वेंकट रमन घनपाठी ने बताया कि दक्षिण भारत से आने वाले अतिथियों को काशी के मंदिरों, सभ्यता और धार्मिक परंपराओं से परिचित कराने का दायित्व उन्हें सौंपा गया है। छात्रों को मंदिर के इतिहास और उसके बदलते स्वरूप के बारे में विस्तार से बताया गया।
उन्हें यह भी जानकारी दी गई कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर ने किस तरह भव्य कॉरिडोर का स्वरूप लिया है।उन्होंने बताया कि रविवार को छात्रों को हनुमान घाट के ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व से परिचित कराया जाएगा। काशी की संस्कृति, आध्यात्मिक विरासत और धार्मिक परंपराओं को करीब से जानने के लिए छात्रों में खासा उत्साह है।