21 लाख जले दीपों से बनेगा निर्माण सामग्री का कच्चा माल, 84 घाटों से रातोरात उठाए गए 45 टन दीपक
देव दीपावली पर वाराणसी के घाटों से 21 लाख जले दीपों को गंगा में प्रवाहित करने के बजाय रामना स्थित सीएंडडी प्लांट भेजा गया है। यहां इनका प्रसंस्करण कर निर्माण सामग्री बनाने में उपयोग किया जाएगा, जिससे गंगा प्रदूषण रुकेगा और जलीय जीवों को नुकसान नहीं होगा।

वाराणसी देव दीपावली के 21 लाख दीपों से बनेगी निर्माण सामग्री गंगा प्रदूषण रोकने की पहल।
HighLights
21 लाख जले दीपों का पुनर्चक्रण कर निर्माण सामग्री बनेगी।
रामना सीएंडडी प्लांट में दीपों का प्रसंस्करण किया जाएगा।
गंगा प्रदूषण रोकने और जलीय जीवों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। देव दीपावली पर गंगा के घाटों को रोशन करने वाले 21 लाख जले मिट्टी के दीप अब पुनर्चक्रण के काम आएंगे। आयोजन के बाद इन दीपों को गंगा में प्रवाहित करने या सामान्य कचरे में फेंकने के बजाय रामना स्थित कंस्ट्रक्शन एंड डिजाइन सर्विसेज (सीएंडडी) प्लांट भेजा गया है। यहां इनका प्रसंस्करण कर निर्माण सामग्री बनाने में उपयोग किया जाएगा।
84 घाटों से करीब 45 टन दीपों का उठान किया गया। नगर निगम के अनुसार, धार्मिक सामग्री की पवित्रता का ध्यान रखते हुए इनके निस्तारण की व्यवस्था की गई है। देव दीपावली का आयोजन समाप्त होने के बाद मंगलवार रात दस बजे से ही नगर निगम के सफाईकर्मी घाटों पर जुट गए थे।
250 से अधिक कर्मचारियों ने रातभर अभियान चलाकर घाटों की सीढ़ियों और किनारों से जले दीपक और उनसे जुड़े अवशेष एकत्र किए। गंगा के इस पार और दूसरी ओर रेती पर बीटवार ग्रिड बनाकर सफाई कराई गई। बुधवार सुबह तक 84 घाटों से दीपों का उठान पूरा कर लिया गया। इससे घाटों पर आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए सामान्य आवागमन बना रहा।
200 टन प्रतिदिन है प्लांट की क्षमता
रामना स्थित कंस्ट्रक्शन एंड डिजाइन सर्विसेज (सीएंडडी) प्लांट की प्रतिदिन 200 मीट्रिक टन प्रसंस्करण क्षमता है। यहां जले मिट्टी के दीपों को पीसकर निर्माण सामग्री तैयार करने में कच्चे माल के रूप में इस्तेमाल किया जाएगा। इससे अपशिष्ट का पुनर्चक्रण संभव होगा।
गंगा में जाने से जलीय जीवों को नुकसान
दीपकों के साथ बची बाती, तेल और अन्य पूजन सामग्री नदी में पहुंचने से ठोस कचरा बढ़ता है। तेल और दूसरे अवशेष पानी की गुणवत्ता को प्रभावित कर सकते हैं। इससे मछलियों और अन्य जलीय जीवों के भोजन तथा प्राकृतिक आवास पर असर पड़ सकता है। दीपों को अलग एकत्र कर निस्तारण करने से इस तरह के कचरे को गंगा में जाने से रोका जा सकता है।