देव दीपावली पर वाराणसी में जलेंगे 11 लाख दीये, पहली बार होगा ड्रोन शो, अधिकारियों ने तैयारियों को दिया अंतिम रूप
वाराणसी में 24 नवंबर को होने वाली देव दीपावली की तैयारियां अंतिम चरण में हैं, जिसमें 11 लाख दीये जलाए जाएंगे। इस बार लेजर शो, ग्रीन आतिशबाजी और 2000 ड्रोन का भव्य शो मुख्य आकर्षण होंगे, साथ ही सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

देव दीपावली पर वाराणसी में जलेंगे 11 लाख दीये पहली बार होगा ड्रोन शो।
HighLights
काशी के 84 घाटों पर 11 लाख दीये प्रज्वलित होंगे।
पहली बार 2000 ड्रोन का भव्य शो मुख्य आकर्षण होगा।
सुरक्षा हेतु 25 आईपीएस, 3000 पुलिसकर्मी तैनात किए गए।
वाराणसी, जागरण संवाददाता। काशी की विश्व प्रसिद्ध देव दीपावली (24 नवंबर) को ऐतिहासिक और दिव्य बनाने के लिए प्रशासनिक तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। रविवार को मंडलायुक्त विजयेन्द्र पांडियन, जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार और पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने गंगा घाटों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा में किसी भी प्रकार की चूक बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
लेजर शो, आतिशबाजी और पहली बार दिखेगा ड्रोन शो
निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त विजयेन्द्र पांडियन ने बताया कि इस बार देव दीपावली का आयोजन पिछले वर्ष की तुलना में और अधिक भव्य होगा। काशी के अर्धचंद्राकार घाटों पर एक साथ 11 लाख दीये प्रज्वलित किए जाएंगे। इस बार महोत्सव के तीन मुख्य आकर्षण होंगे— लेजर शो, ग्रीन आतिशबाजी और भव्य ड्रोन शो।
पहली बार आयोजित हो रहे इस शो में 2000 से अधिक ड्रोन आसमान में विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक थीम की आकृतियां उकेरेंगे। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की सहूलियत के लिए पार्किंग, पेयजल और अस्थायी शौचालयों की समुचित व्यवस्था की गई है। नगर निगम की टीमें घाटों की सफाई में जुटी हैं, जबकि सुरक्षा के मद्देनजर जाली लगाने और बैरिकेडिंग का कार्य सोमवार तक पूरा कर लिया जाएगा।
84 घाटों पर बिखरेगी छटा, 10 लाख श्रद्धालुओं के आने का अनुमान
जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने जानकारी दी कि कार्तिक पूर्णिमा स्नान और देव दीपावली के अवसर पर देश-विदेश से 10 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के काशी पहुंचने की संभावना है। सभी 84 घाटों पर जनसहभागिता से दीपदान किया जाएगा। चेत सिंह किला घाट पर आकर्षक लेजर शो के साथ ही ड्रोन शो का मुख्य प्रदर्शन होगा। डीएम ने यह भी बताया कि इस भव्य आयोजन में मुख्यमंत्री के शामिल होने के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया है।
त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरा, एंटी ड्रोन सिस्टम और रेस्क्यू बोट्स तैनात
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने बताया कि पूरे मेला क्षेत्र और घाटों को विभिन्न जोन और सेक्टर में विभाजित किया गया है। सुरक्षा की कमान संभालने के लिए 25 आईपीएस अधिकारी, 50 राजपत्रित अफसर और 3000 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की जा रही है। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए एटीएस (ATS), क्यूआरटी (QRT) और विशेष एंटी ड्रोन सिस्टम सक्रिय रहेगा। इसके अलावा जल पुलिस और एनडीआरएफ की मदद से गंगा नदी में 50 रेस्क्यू बोट्स लगातार गश्त करेंगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तत्काल निपटा जा सके।
आयोजन के प्रमुख बिंंंदु
24 नवंबर को काशी के सभी 84 घाटों पर एक साथ प्रज्वलित होंगे 11 लाख दीये।
चेत सिंह किला घाट पर लेजर शो के साथ पहली बार 2000 ड्रोन का होगा प्रदर्शन।
कार्तिक पूर्णिमा और देव दीपावली पर 10 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद।
सुरक्षा के लिए 25 आईपीएस, 3000 पुलिसकर्मी, एटीएस और एंटी ड्रोन सिस्टम तैनात।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।