विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 03, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

UPPCL: स्मार्ट मीटर से Bill क्यों बढ़ गया? इंजीनियर ने बताई सच्चाई, पढ़िए बिजली बिली से जुड़े हर सवाल का जवाब

Published: Thu, 03 Apr 2025 05:07 PM (IST)

स्मार्ट मीटर लगने के बाद उपभोक्ताओं को बिजली बिल की रीडिंग की जरूरत नहीं होगी और बिल सीधे ऑनलाइन जारी ...और पढ़ें

स्मार्ट मीटर से Bill क्यों बढ़ गया? - प्रतीकात्मक तस्वीर।
स्मार्ट मीटर से Bill क्यों बढ़ गया? - प्रतीकात्मक तस्वीर।

जागरण संवाददाता, उन्नाव। घर पर स्मार्ट मीटर लगाने के बाद से बिजली का बिल नहीं आया। कोई रीडिंग लेने के लिए भी नहीं आ रहा। बिल बढ़ता जा रहा है। स्मार्ट मीटर लगने के बाद रीडिंग की जरूरत नहीं है। अब स्वत: बिल आनलाइन जारी हो जाएगा, और पंजीकृत मोबाइल नंबर पर बिल का एसएमएस प्राप्त होगा।

अधिक सुविधा के लिए उपभोक्ता अपने स्मार्ट फोन पर यूपी पीसीएल कंज्यूमर एप को डाउन लेकर बिल समेत कई समस्याओं का हल स्वयं कर सकते हैं। एप पर पीडीएफ में बिल और उसकी जमा रसीद भी प्राप्त होगी।

हम स्मार्ट मीटर लगने के बाद जल्दी ही उपभोक्ताओं का फीड बैक भी फोन के माध्यम से लेंगे। यह जानकारी बुधवार को विद्युत वितरण खंड प्रथम के अधिशासी अभियंता सौरभ निगम ने जागरण कार्यालय में आयोजित प्रश्न पहर कार्यक्रम में फोन पर जनता की समस्याएं सुनने के बाद दी।

प्रश्न- गांव के घर पर लगा कनेक्शन कटवाना चाहता हूं। आवेदन किया, लेकिन अभी तक सुनवाई नहीं हो रही है कई चक्कर लगा चुका हूं। शहर में नया कनेक्शन भी लेना है। - अजय कुमार - अचलगंज

कनेक्शन कटवाने के लिए अपने बकाया बिल की पूरी अदायगी करने के साथ आवेदन करें। एक आवेदन लिखित रूप से उपखंड अधिकारी कार्यालय में देकर उसकी रिसीविंग भी ले लें। स्वत: प्रक्रिया पूरी करते हुए कनेक्शन काटा जाएगा। नए कनेक्शन के लिए झटपट पोर्टल पर आवेदन करें। एक सप्ताह में कनेक्शन दे दिया जाएगा।

प्रश्न- पहले बिल दो से ढाई सौ आता था, अचानक बिल बढ़कर पांच हजार के पार पहुंच गया। ठीक कराने के लिए कई चक्कर गला चुका हूं। पर कोई सुनवाई नहीं हो रही है। एसडीओ भी नहीं सुनते हैं। - मातादीन, सफीपुर

आप उपखंड अधिकारी सफीपुर कार्यालय में लिखित रूप से शिकायत को दर्ज करा उसकी रिसीविंग ले लें। यहां भी आप की समस्या नोट कर ली गई है। निस्तारण के लिए एसडीओ को निर्देशित किया जाएगा। जो मीटर में रीडिंग है वही बिल लिया जाएगा।

प्रश्न-पांच माह पहले स्मार्ट मीटर लगाया गया था। उसके बाद से अब तक बिल नहीं आ रहा है, रीडिंग लेने के लिए भी कोई नहीं आ रहा है। जो काफी बढ़ गया होगा। - अभिषेक पांडेय, आवास विकास व दिव्यांशु शुक्ला मोती नगर

आपकी समस्या को दर्ज करने के साथ ही मीटर सेक्शन को शिकायत फारवर्ड भी कर दी गई है। स्मार्ट मीटर लगने के बाद रीडिंग लेने की व्यवस्था खत्म हो गई है। अब आनलाइन बिल महीने की 30 तारीख को स्वत: तैयार होकर रजिस्टर मोबाइल नंबर पर पहुंच जाएगा। उसे देखकर बिल जमा कर सकते हैं। इसके अलावा उपभोक्ता अपनी सुविधा के लिए अपने स्मार्ट फोन पर कंज्यूमर एप को डाउन लोड कर लें। बिल व अन्य सभी जानकारियों फोन पर ही मिल जाएंगी।

प्रश्न- कोविड के दौरान एक कामर्शियल कनेक्शन के लिए 2019 में आवेदन किया। विभाग ने 2021 में कनेक्शन दिया। अब मैं अपना कनेक्शन कटवाना चाहता हूं। तो विभाग मुझसे आवेदन की अवधि से बिल भरने के लिए कह रहा है। कई पटल पर शिकायत की, लेकिन निस्तारण नहीं हुआ। - अनुज निगम, पन्नालाला पार्क

आप अपनी समस्या मुझे मेरे वाट्सएप पर पूरे विवरण के साथ भेज दीजिए। जांच कराते हुए आप की समस्या का जल्द निस्तारण किया जाएगा।

प्रश्न- पूरन नगर एसवीएम स्कूल के पीछे बिजली के पोल नहीं लगे हैं। रायबरेली हाईवे निर्माण के दौरान पोल हटा दिए गए थे, लेकिन अभी तक दूसरे पोल नहीं लगाए गए हैं। जिससे बांस बल्लियों के सहारे लोग बिजली के तार ले गए हैं। कई बार कहा लेकिन कुछ ध्यान नहीं दिया गया। - अभिषेक सिविल लाइंस व रामप्रसाद बेनीगंज

आप की समस्या को दर्ज कर लिया गया है। यदि अभी तक पोल नहीं लगाए गए हैं, तो टीम भेज कर जांच कराते हुए रिपोर्ट के आधार पर पोल लगाने की प्रक्रिया को पूरा किया जाएगा।

प्रश्न- 24 मार्च को अपना लोड बढ़वाने के लिए आनलाइन पोर्टल पर आवेदन किया था। जिसकी फीस 7100 रुपये भी आनलाइन ही जमा हो गई। लेकिन अभी तक लोड नहीं बढ़ा। - विकास मिश्रा, मोती नगर

आपके कनेक्शन नंबर के साथ शिकायत को नोट करते हुए एसडीओ को आप की शिकायत भेज दी गई है। दो दिनों में समस्या का निस्तारण करा दिया जाएगा।

प्रश्न- मीटर काफी समय पहले जल गया था, सूचना लिखित व मौखिक दी, लेकिन अब तक नहीं बदला गया। बिना रीडिंग का बिल आ आ रहा है जो काफी अधिक है। - उत्तम शुक्ला, रसूलाबाद

आपकी समस्या को एसडीओ मियागंज को सूचित कराया गया है। एक लिखित प्रार्थना पत्र एसडीओ कार्यालय में देकर रिसीविंग ले लीजिए। समस्या का समाधान जल्द करा दिया जाएगा।

प्रश्न- दो साल से बिजली का बिल नहीं आ रहा है। कई बार जेई आदि को जानकारी दी पर कुछ ध्यान नहीं दिया गया। - राजकुमार, पंसरिया पुरवा

आप की शिकायत अधिशासी अभियंता पुरवा को नोट करा दी गई है। विभाग के कंट्रोल रूम में आप भी शिकायत दर्ज करा दीजिए। उपखंड अधिकारी में लेटर दे दीजिए। जल्द ही आप को बिल मिलने लगेगा।

प्रश्न- बिजली का बिल एक लाख से अधिक का बकाया हो गया है। बिल सही नहीं आ रहा है। - कपिल, भगवंत नगर

अपने उपखंड अधिकारी कार्यालय पर संपर्क करते हुए आवेदन करिए। वहां बिल चेक करा लें। अधिक बिल होने पर उसे किस्तों में भी जमा कर सकते हैं। बिल निस्तारण होने पर आप का कनेक्शन भी चालू कर दिया जाएगा।