दिल्ली NCR की तर्ज पर यूपी में विकसित हो रहा इंडस्ट्रियल जोन, SCR में उन्नाव के 170 गांव होंगे शामिल
उन्नाव के 170 गांवों को राज्य राजधानी क्षेत्र (एससीआर) में शामिल किया जा रहा है, जिससे दिल्ली एनसीआर की तर्ज पर औद्योगिक और व्यावसायिक विकास होगा। इससे सड़क, आधारभूत सुविधाओं, निवेश और रोजगार के अवसरों में वृद्धि होगी, साथ ही सोनिक में आधुनिक लॉजिस्टिक्स हब भी विकसित किया जा रहा है।

तस्वीर को प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए एआई टूल GEMINI की मदद से बनाया गया है।
HighLights
उन्नाव के 170 गांव राज्य राजधानी क्षेत्र में शामिल होंगे।
सड़क, निवेश, रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, विकास को गति मिलेगी।
सोनिक में आधुनिक लॉजिस्टिक्स हब भी विकसित किया जा रहा है।
जागरण संवाददाता, उन्नाव। राज्य राजधानी क्षेत्र (एससीआर) में जिले के 170 गांवों को शामिल करने की तैयारी है। संबंधित विभाग इन गांवों का सर्वे कर रहे हैं। एससीआर में शामिल होने से सड़क, आधारभूत सुविधाओं और निवेश के अवसरों को गति मिलने की उम्मीद है।
उन्नाव को दिल्ली एनसीआर की तर्ज पर विकसित किए जाने वाले राज्य राजधानी क्षेत्र में शामिल किया गया है। योजना के तहत नेशनल हाइवे पर जाजमऊ से सोहरामऊ तक स्थित करीब 35 बड़ी ग्राम सभाओं को एससीआर में शामिल करने की तैयारी है। यह इलाका औद्योगिक और व्यावसायिक गतिविधियों के लिहाज से महत्वपूर्ण है।
यहां परिवहन, आवास, जल निकासी, बिजली और अन्य नागरिक सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। वहीं लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे के किनारे के करीब 90 गांव भी दायरे में आएंगे। इन क्षेत्रों में औद्योगिक इकाइयों, लाजिस्टिक पार्क, वेयरहाउस, शैक्षणिक संस्थानों और आवासीय परियोजनाओं की संभावनाएं हैं।
गंगा एक्सप्रेसवे, नेशनल हाइवे और उससे जुड़े संपर्क मार्गों के पास के करीब 45 गांवों को शामिल करने का प्रस्ताव है। चयन 40 वर्ष आगे की विकास संभावनाओं को ध्यान में रखकर किया जा रहा है। सर्वे और आंकड़े जुटाने के बाद अंतिम सूची शासन को भेजी जाएगी।
अधिसूचना जारी होने पर गांवों को एससीआर की योजनाओं का लाभ मिल सकेगा। एससीआर के दायरे में 170 गांव आने पर करीब 8 से 10 लाख ग्रामीणों को सड़क, पेयजल, सीवर, बिजली, सार्वजनिक परिवहन, स्वास्थ्य और शिक्षा सुविधाओं का लाभ मिल सकता है। नियोजित विकास से भूमि उपयोग, आवासीय योजनाओं और सार्वजनिक सुविधाओं का बेहतर प्रबंधन होगा।
उद्योग, व्यापार और सेवा क्षेत्र में रोजगार
इन क्षेत्रों में औद्योगिक इकाइयों, वेयरहाउस, लाजिस्टिक पार्क, ट्रांसपोर्ट हब, होटल, अस्पताल, शिक्षण संस्थानों और आवासीय परियोजनाओं के विकास की संभावना है। निर्माण के साथ परिवहन, खुदरा व्यापार, होटल-रेस्तरां, सुरक्षा, सफाई, ई-कामर्स और गोदाम प्रबंधन में रोजगार के अवसर बन सकते हैं।
सोनिक में आधुनिक लाजिस्टिक्स हब
उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल ने सोनिक रेलवे स्टेशन पर आधुनिक लाजिस्टिक्स हब शुरू किया है। यह रेलवे का देश का पहला लाजिस्टिक्स हब है और फिलहाल इसे विकसित किया जा रहा है। परियोजना को दो साल तक पायलट प्रोजेक्ट के रूप में चलाने की स्वीकृति मिली है। यहां सभी तरह के माल की लोडिंग-अनलोडिंग और डिजिटल ट्रैकिंग की सुविधा होगी।
पूरी तरह विकसित होने पर इससे उत्तर भारत में माल परिवहन, भंडारण और वितरण व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद है। रेलवे घर-घर तक वस्तुएं पहुंचाने की डिलीवरी सुविधा भी शुरू करेगा। इससे बड़े उद्योगों के साथ छोटे व्यापारियों को भी लाभ होगा। परिवहन लागत घटने और व्यापार बढ़ने से स्थानीय औद्योगिक कारोबार में 25 से 30 प्रतिशत तक वृद्धि का अनुमान है।
एससीआर विस्तार से जिले में निवेश बढ़ेगा और ग्रामीण क्षेत्रों का शहरी क्षेत्रों से बेहतर समन्वय होगा। 170 गांव शामिल किए गए हैं। - मनोज सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट व सचिव, उन्नाव-शुक्लागंज विकास प्राधिकरण
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।