विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उन्नाव में नारकोटिक्स, आबकारी और जीएसटी टीमों की ताबड़तोड़ छापेमारी, भांग और बैट्री फैक्ट्री में पहुंची टीम

Published: Wed, 12 Aug 2026 10:21 PM (IST)

उन्नाव के मगरवारा में नारकोटिक्स और आबकारी विभाग ने दो भांग फैक्ट्रियों पर छापा मारा। इसी दौरान एक बैट्री फैक्ट्री ...और पढ़ें

नेहरु बाग स्थित भांग फैक्ट्री के गेट पर मौजूद नारकोस्टिस व आबकारी विभाग की टीम। पुलिस

नेहरु बाग स्थित भांग फैक्ट्री के गेट पर मौजूद नारकोस्टिस व आबकारी विभाग की टीम। पुलिस

HighLights

  1. उन्नाव में नारकोटिक्स और आबकारी ने भांग फैक्ट्रियों पर छापा मारा।

  2. बैट्री फैक्ट्री में जीएसटी टीम को 2.5 करोड़ रुपये नकद मिले।

  3. आयकर विभाग ने बैट्री फैक्ट्री में गहन सर्वे शुरू किया।

जागरण संवाददाता, उन्नाव। सदर क्षेत्र के मगरवारा चौकी क्षेत्र के नेहरूबाग औद्योगिक एरिया में संचालित कंपनी में बुधवार दोपहर एंटी नारकोटिक्स विभाग की टीम ने आबकारी विभाग की टीम के साथ संयुक्त रूप से छापेमारी की। चर्चा है कि लाइसेंस से अधिक स्टाक होने की जानकारी पर टीम जांच करने पहुंची। दोपहर दो बजे से रात तक जांच जारी रही।

जिला आबकारी अधिकारी अनुराग मिश्र ने बताया कि दोनों फैक्ट्रियों को भांग की गोली बनाने का लाइसेंस उनके विभाग से दिया गया है। आशंका है कि नारकोटिक्स विभाग लखनऊ की टीम को क्षमता से अधिक स्टाक होने और मानकों से छेड़छाड़ की शिकायत मिली। इस पर बुधवार दोपहर लगभग दो बजे आठ सदस्यीय टीम ने दोनों फैक्ट्रियों में छापेमारी की।

इस दौरान आबकारी निरीक्षक भवानी प्रसाद भी साथ रहे। टीम ने कंपनी परिसर में उत्पादन प्रक्रिया, स्टाक, कच्चे माल और तैयार सामग्री से संबंधित दस्तावेजों की गहनता से जांच की। टीम ने कंपनी के विभिन्न हिस्सों में जांच की और प्रबंधन तथा कर्मचारियों से पूछताछ भी की। टीम की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। रात तक टीम दोनों फैक्ट्रियों में मौजूद रही।


इधर, मगरवारा में बैट्री फैक्ट्री में जीएसटी टीम ने की जांच

मगरवारा क्षेत्र के दयालखेड़ा स्थित एक बैट्री फैक्ट्री में मंगलवार शाम राज्य जीएसटी की टीम ने जांच की। इस दौरान उन्हें 2.5 करोड़ रुपये की नकदी मिली। टीम ने आयकर विभाग को इसकी जानकारी दी। बुधवार को आयकर विभाग की टीम भी पहुंची। करीब 12 वाहनों से पहुंची टीम ने फैक्ट्री में सर्वे शुरू किया। टीम के अधिकारियों ने फैक्ट्री में मौजूद सुरक्षा गार्ड, कर्मचारियों और अधिकारियों के मोबाइल फोन अपने कब्जे में ले लिए। किसी को बाहर जाने की अनुमति नहीं दी गई।

बुधवार देर रात तक चलती रही छापेमारी

मंगलवार शाम राज्य जीएसटी की टीम ने मगरवारा के दयाल खेड़ा स्थित बैट्री फैक्ट्री में अभिलेखों की जांच की। सूत्रों के अनुसार जांच के दौरान टीम को 2.5 करोड़ रुपये मिले। आयकर विभाग की टीम ने बुधवार फैक्ट्री पहुंचते ही अभिलेखों की जांच शुरू कर दी। एक-एक कर दस्तावेजों और कारोबारी रिकार्ड को खंगाला गया। टीम ने आय और उससे संबंधित वित्तीय विवरण भी जुटाए। स्थानीय लोगों में कार्रवाई को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। जांच बुधवार देर रात तक जारी रही।

इसके बाद आयकर टीम ने भी शुरू किया सर्वे

इस दौरान टीम के अधिकारियों ने फैक्ट्री के विभिन्न विभागों और कार्यालयों में दस्तावेजों की जांच की। आय-व्यय और कारोबार से जुड़े रिकार्ड का मिलान भी किए जाने की जानकारी भी की। आयकर विभाग की कुछ टीमें इसी फैक्ट्री से जुड़े कानपुर स्थित प्रतिष्ठान पर भी पहुंचीं और वहां भी जांच की। हालांकि कार्रवाई किस वजह से की गई और जांच में क्या सामने आया, इस संबंध में आयकर विभाग की ओर से कोई जानकारी नहीं दी गई है। जांच कार्रवाई पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।