विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उन्नाव UP: शादी का झांसा देकर युवक का बदलवाया जेंडर, फिर ब्लैकमेल कर कराया देह व्यापार; कोर्ट ने दिया FIR का आदेश

Published: Wed, 30 Sep 2026 06:31 AM (IST)Updated: Wed, 30 Sep 2026 07:03 AM (IST)

उन्नाव में शादी का झांसा देकर एक युवक का जेंडर बदलवाने और फिर ब्लैकमेल कर देह व्यापार कराने का सनसनीखेज ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर।

प्रतीकात्मक तस्वीर।

HighLights

  1. शादी का झांसा देकर युवक का जेंडर बदलवाया गया।

  2. ब्लैकमेल कर पीड़ित को देह व्यापार के लिए मजबूर किया।

  3. अदालत ने पुलिस को मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया।

जागरण संवाददाता, उन्नाव। शादी का झांसा देकर युवक का जेंडर बदलवाने और फिर ब्लैकमेल कर देह व्यापार कराने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस थाने में सुनवाई नहीं होने पर पीड़ित ने अदालत से गुहार लगाई। सिविल जज जूनियर डिवीजन (एफटीसी) ने महिला थाना प्रभारी को 15 अक्टूबर तक मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया है।

पीड़ित का आरोप है कि वह 11 जुलाई को आरोपित के खिलाफ तहरीर देने सफीपुर थाने गया था, लेकिन पुलिस ने समझौता करने का दबाव बनाया। इस पर अदालत ने उस दिन के थाने के सीसीटीवी कैमरे के फुटेज सुरक्षित रखने के आदेश भी पुलिस को दिए हैं। चंडीगढ़ के अस्पताल में कार्यरत कर्मी ने न्यायालय को शिकायती पत्र देकर बताया कि वर्ष 2024 में फेसबुक के माध्यम से उसकी दोस्ती सफीपुर के युवक से हुई थी।

आरोपित उससे मिलने चंडीगढ़ आने लगा। आरोप है कि मार्च से दिसंबर 2024 के बीच अलग-अलग जरूरतें बताकर आरोपित ने लगभग एक लाख रुपये ऑनलाइन अपने खाते में डलवा लिए। शादी करने का झांसा देकर आरोपित घर पर भी आकर रुका। उसके बाद पानी में नशीला पदार्थ मिला उसे बेहोश कर यौन शोषण किया।

इस दौरान अश्लील वीडियो भी बना लिया। नवंबर 2024 में आरोपित व उसके स्वजन ने शादी की शर्त रखते हुए जेंडर बदलने का दबाव बनाया। ऐसा नहीं करने पर वीडियो इंटरनेट मीडिया में प्रचलित करने की धमकी दी। इस पर उसने फरवरी 2025 में दिल्ली के एक अस्पताल में सर्जरी कराई।

आरोप है कि सर्जरी के बाद भी आरोपित ने उसका उत्पीड़न जारी रखा। उसे क्लबों व बार में ले जाकर दूसरे पुरुषों से अनैतिक संबंध बनाने के लिए मजबूर किया। आरोप है कि आरोपित उससे लगभग पांच लाख रुपये ऐंठ चुका है। थाना प्रभारी सफीपुर संदीप मिश्रा ने बताया कि पूरा प्रकरण चंडीगढ़ का है, शिकायत की गई थी। इस पर दोनों पक्षों को बुलाया गया था। दोनों पक्षों ने बातचीत के बाद समझौता भी कर लिया था।

यह भी पढ़ें- गंगा एक्सप्रेसवे के सोनिक इंटरचेंज के पास सड़क से निकाला पानी, गुजरने लगे वाहन