गंगा एक्सप्रेसवे के सोनिक इंटरचेंज के पास सड़क से निकाला पानी, गुजरने लगे वाहन
गंगा एक्सप्रेसवे के सोनिक इंटरचेंज पर सड़क से जलभराव हटा दिया गया है, जिससे वाहनों का आवागमन फिर से शुरू ...और पढ़ें
-1790717982391_m.webp)
प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
सोनिक इंटरचेंज से पानी निकला, वाहनों का आवागमन सामान्य हुआ।
टोल प्लाजा के जेनरेटर व उपकरण क्षतिग्रस्त, मरम्मत में टीम जुटी।
हाईटेंशन लाइन ऊँची करने का काम अभी भी लंबित है।
जागरण संवाददाता, उन्नाव। गंगा एक्सप्रेसवे के सोनिक इंटरचेंज के पास सड़क (रैंप) पर भरा पानी मंगलवार सुबह निकाल दिया गया। जलभराव से इंटरचेंज के टोल प्लाजा पर लगे जेनरेटर, इलेक्ट्रानिक वायरिंग व उपकरण खराब हो गए हैं। इनकी मरम्मत में मंगलवार दिन भर तकनीकी टीम जुटी रही और रात में वाहन गुजरने लगे। इससे पहले हरदोई व प्रयागराज रूट के वाहन बशीरतगंज इंटरचेंज से निकाले जा रहे हैं।
दूसरी ओर, स्टेट ट्रांसफार्मेशन कमीशन के सीईओ मनोज कुमार सिंह के निर्देश के बाद भी सोनिक इंटरचेंज के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन को ऊंचा करने का काम शुरू नहीं हो सका है। निर्माण एजेंसी का दावा है कि विद्युत विभाग ने स्थलीय सर्वे पूरा कर लिया है और एस्टीमेट शासन को मंजूरी के लिए भेजा जा रहा है।
स्वीकृति मिलते ही नया टावर खड़ा कर लाइन की ऊंचाई बढ़ाई जाएगी। इसके बाद टोल प्लाजा की सड़क को ऊंचा करने का काम तेजी से शुरू होगा। हाईटेंशन लाइन नियमानुसार 20 मीटर ऊंची होनी चाहिए थी, लेकिन 14 मीटर ऊंचाई दर्शा नक्शा पास कराया गया और मौके पर ऊंचाई 12 मीटर ही रखी गई। इसीलिए टोल के पास सड़क (रैंप) को तीन मीटर गहरा बनाया गया, जिसमें जलभराव होने से 500 मीटर तक एक्सप्रेसवे झील जैसा बन गया था और ग्रामीण मछली तक पकड़ते रहे।
रैंप का स्तर समुद्र तल के हिसाब से करीब 127 मीटर होना चाहिए था, लेकिन इसे करीब 124 मीटर पर बनाया गया। कार्यदायी संस्था पटेल इंफ्रास्ट्रक्चर के प्रोजेक्ट मैनेजर आरएस मिश्रा ने बताया कि इंटरचेंज से बरसात का पानी निकाल दिया गया है। एक्सप्रेसवे के मुख्य मार्ग पर यातायात सामान्य है। हाईटेंशन लाइन की ऊंचाई बढ़ते ही सड़क को ऊंचा करने का काम किया जाएगा।
