उन्नाव में मांगों को लेकर एचपीसीएल प्लांट के चालकों की हड़ताल, बढ़ सकती है रसोई गैस की किल्लत
उन्नाव के दही स्थित एचपीसीएल प्लांट के टैंकर चालकों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर हड़ताल शुरू कर दी है। ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
एचपीसीएल प्लांट के टैंकर चालकों ने हड़ताल शुरू की।
मांगें पूरी न होने पर चालकों ने यह कदम उठाया।
32 जिलों में रसोई गैस किल्लत का खतरा बढ़ा।
जागरण संवाददाता, उन्नाव। दही स्थित हिंदुस्तान पेट्रोलियम कारपोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) प्लांट के टैंकर चालकों ने विभिन्न मांगों को लेकर मंगलवार दोपहर बाद हड़ताल शुरू कर दी। बीते 21 अगस्त को ट्रांसपोर्टरों की बैठक में तय किए गए निर्णयों को जिले के प्लांट में लागू करने की मांग की गई थी। मांगें पूरी नहीं होने पर चालकों ने यह कदम उठाया है। इस हड़ताल के चलते 32 जिलों में रसोई गैस सिलेंडर की किल्लत उत्पन्न होने का बड़ा खतरा मंडरा रहा है।
आईओसीएल लखनऊ प्लांट में 21 अगस्त को बैठक हुई थी। इसमें आल यूपी एलपीजी ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन ने लिए गए निर्णयों को जिले के प्लांट में भी लागू कराने की मांग की थी। एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष गौतम कसाना ने बताया कि बैठक में ट्रांसपोर्टरों को प्रति माह न्यूनतम 3500 किमी का कार्य उपलब्ध कराने, सौ प्रतिशत टोल टैक्स प्रतिपूर्ति करने व नए मार्गों को कंपनी के पोर्टल पर अपडेट करने का आश्वासन दिया गया था।
इसके अलावा कैप की कटौती ट्रांसपोर्टर से नहीं करने, एमटी आफर उपलब्ध न होने पर वाहनों को अनावश्यक रूप से नहीं रोकने व चार-पांच घंटे में वाहन रिलीज कराने की व्यवस्था की बात कही गई थी। इसके अलावा प्लांट अधिकारियों के साथ सहयोगपूर्ण व्यवहार करने को भी कहा गया था।
15 दिन बीत जाने के बाद भी यह मांगें पूरी नहीं हुई। जिले से रोजाना प्रदेश भर में 32 जिलों तक 40 हजार सिलिंडरों की आपूर्ति होती है। हड़ताल खत्म नहीं हुई तो गैस सिलिंडर की किल्लत हो सकती है। एचपीसीएल गैस प्लांट के मैनेजर मुकेश प्रसाद ने बताया कि आपूर्ति निरंतर जारी है। अभी इसमें किसी प्रकार की समस्या नहीं है।
