उन्नाव में गंगा पर फोरलेन पुल बनने में अभी लगेंगे ढाई साल, अप्रैल 2029 तक बनकर होगा तैयार
उन्नाव में 235 करोड़ की लागत से बन रहे नए फोरलेन गंगा पुल को पूरा होने में अभी ढाई साल लगेंगे, जिससे अप्रैल 2029 तक यातायात जाम की समस्या बनी रहेगी।

गंगा पर फोरलेन पुल निर्माण के लिए चल रहा कार्य। (तस्वीर- जागरण)
HighLights
नए गंगा फोरलेन पुल को बनने में ढाई साल लगेंगे।
अप्रैल 2029 तक पूरा होगा 235 करोड़ का पुल निर्माण।
बाढ़ के कारण पुल निर्माण कार्य में देरी हुई।
जागरण संवाददाता, उन्नाव। गंगानदी में पुराने यातायात पुल के क्षतिग्रस्त होने के बाद 235 करोड़ की लागत से बनाए जा रहे नए फोरलेन पुल को बनने में अभी ढाई साल लगेगा।
तब तक बालूघाट मोड़ से लेकर नवीनपुल के मुहाने तक रोजाना सुबह और शाम के समय लगने वाले जाम की समस्या से राहगीरों को जूझना पड़ेगा।
पुल बनने के बाद जाम से निजात मिल सकेगी।नए गंगा पुल में 22 कोठियां बननी हैं। जिसमें अभी तक 14 कोठियों का फाउंडेशन कार्य कराया जा चुका है।उसमें भी कार्य अभी अधूरा है। जो गंगानदी में पानी कम होने के बाद कराया जाएगा।
बता दें कि बीते महीनों गंगा में आई बाढ़ के कारण पुल का निर्माण कार्य रुक गया था। जिसपर शुक्लागंज की ओर एक कोठी के फाउंडेशन को तैयार कराया जा रहा है।
कार्यदायी संस्था केकेआर गावर क्रांस्ट्रक्शन के इंजीनियर देवेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि गंगानदी में बीते महीनों बाढ़ आने से कोठियों के फाउंडेशन का काम रुक गया था। उन्होंने बताया कि गंगा में पानी कम होते ही कोठियों के निर्माण का कार्य प्रारंभ होगा।
उन्होंने बताया कि नए फोरलेन पुल के लिए 22 कोठियां तैयार कराई जानी हैं। अभी गंगानदी में बनाए जा रहे फोरलेन पुल के निर्माण में लगभग ढाई साल का समय लगेगा। उन्होंने बताया कि अप्रैल वर्ष 2029 तक गंगा में बन रहे फोरलेन का काम पूरा हो सकेगा।