उन्नाव में बाड़े में घुसा कुत्तों का झुंड, 20 भेड़ों को नोचकर मार डाला
उन्नाव के मिर्जापुर गांव में कुत्तों के झुंड ने बाड़े में घुसकर 20 भेड़ों को मार डाला, जबकि चार गंभीर ...और पढ़ें

HighLights
उन्नाव में कुत्तों के झुंड ने 20 भेड़ों को मार डाला
पांच दिन पहले भी 14 भेड़ों की मौत हुई थी हमले में
पशुपालक को भारी नुकसान, ग्रामीण कुत्तों से भयभीत
जागरण संवाददाता, उन्नाव। सफीपुर क्षेत्र के मिर्जापुर गांव में शनिवार देर रात बाड़े में घुसे कुत्तों के झुंड ने भेड़ों पर हमला कर दिया। हमले में 20 भेड़ों की मौत हो गई, जबकि चार गंभीर घायल हैं। पशु चिकित्सालय की टीम ने घायल भेड़ों का उपचार किया। पांच दिन पूर्व भी इसी बाड़े में कुत्तों के हमले में 14 भेड़ों की मौत हो गई थी। लगातार हुए दो हमलों में 34 भेड़ों की मौत से पशुपालक बेहाल है।
मिर्जापुर निवासी दुर्गाप्रसाद ने बताया कि वह भेड़ पालन करता है। शनिवार रात भेड़ों को चारा खिलाकर वह घर चला गया। देर रात कुत्तों का झुंड बाड़े में घुस गया और भेड़ों पर हमला कर दिया। 20 भेड़ों की मौके पर मौत हो गई, जबकि चार गंभीर घायल हो गईं। पशुपालक ने एसडीएम और पशु चिकित्सालय को फोन कर घटना की जानकारी दी।
दुर्गाप्रसाद ने बताया कि पांच दिन पहले मंगलवार को भी बाड़े में घुसे कुत्तों ने हमला कर 14 भेड़ों को मार दिया था। दो घायल भेड़ों का उपचार चल रहा है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक भेड़ की अनुमानित कीमत करीब 15 हजार रुपये थी।
ग्रामीणों ने बताया कि कुत्तों के आतंक से महिलाएं बच्चों को अकेले बाहर भेजने से डर रही हैं। एसडीएम फाल्गुनी सिंह ने बताया कि जांच कर क्षति का आंकलन कराया जाएगा। कुत्तों को पकड़ने के लिए भी कार्रवाई की जाएगी।
