विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उन्नाव में शॉर्ट सर्किट से कपड़े की दुकान में भीषण आग, दमकल विभाग की लेटलतीफी में लाखों का सामान खाक

Published: Sun, 18 Oct 2026 10:17 PM (IST)

उन्नाव के हड़हा रोड स्थित कृष्णा कलेक्शन कपड़े की दुकान में रविवार रात शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। दमकल ...और पढ़ें

कपड़े की दुकान में शॉर्ट सर्किट से आग

कपड़े की दुकान में शॉर्ट सर्किट से आग

जागरण संवाददाता, उन्नाव। कस्बे के हड़हा रोड स्थित कृष्णा कलेक्शन (कपड़ा की दुकान) में रविवार रात 9 बजे शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। दुकान बंद होने के कारण अंदर लगी आग की जानकारी समय रहते नहीं हो सकी। आसपास के लोगों ने दुकान के अंदर से तेज धुआं उठता देखा तो दुकान स्वामी शंभू गुप्ता को सूचना दी।

स्थानीय लोगों के अनुसार दमकल को पहुंचने में एक घंटा लग गया, जिससे लाखों का सामान जलकर राख हो गया। दुकान के मालिक शंभू गुप्ता ने बताया कि रविवार देर शाम दुकान बंद कर वह घर जा चुके थे। इस दौरान आसपास की अधिकांश दुकानें भी बंद हो गई थीं। इसी बीच उनकी दुकान में अंदर से धुआं निकलने लगा।

आसपास के लोगों ने फोन कर इसकी जानकारी दी। जब वह मौके पर पहुंचे तो दुकान से आग की ऊंची लपटें निकल रही थी। शटर खोलकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन शटर नहीं खुल सका। इस पर दमकल को सूचना दी गई। दमकल की गाड़ी को मौके पर पहुंचने में करीब एक घंटे का समय लग गया।

इस दौरान आग ने दुकान के अंदर रखे सामान को अपनी चपेट में ले लिया। दमकल कर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। दुकान स्वामी ने लाखों के माल के जलने की बात कही है। सीएफओ अनूप ने बताया कि सूचना के बाद तत्काल गाड़ी रवाना कर दी गई थी।

यह भी पढ़ें- लखनऊ: गोदाम में आग लगने के बाद लाइब्रेरी से निकाले गए 20 छात्र, अलीगंज अग्निकांड से प्रशासन ने नहीं लिया सबक