लखनऊ: गोदाम में आग लगने के बाद लाइब्रेरी से निकाले गए 20 छात्र, अलीगंज अग्निकांड से प्रशासन ने नहीं लिया सबक
लखनऊ के गोमती नगर विस्तार स्थित द्वारिका टावर के कपड़े के गोदाम में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। अग्निशमनकर्मियों ...और पढ़ें

गोमती नगर में एक गोदाम में रविवार को लगी आग
HighLights
द्वारिका टावर के कपड़े के गोदाम में लगी भीषण आग।
लाइब्रेरी में फंसे 20 छात्र-छात्राओं को सुरक्षित निकाला गया।
टावर में आग बुझाने के इंतजाम न होने पर नोटिस जारी होगी।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। गोमती नगर विस्तार के द्वारिका टावर के द्वितीय तल पर रविवार को आग लग गई। अग्निशमनकर्मियों ने आग पर काबू पाया। लाखों का सामान जल गया। गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई।
द्वारिका टावर के द्वितीय तल पर ऑनलाइन शॉपिंग कंपनी के कपड़े का गोदाम है। रविवार को उसमें शार्ट सर्किट से आग लग गई। अग्निशमनकर्मी 2 गाड़ियों के साथ पहुंचे। टावर के प्रथम तल पर चल रही लाइब्रेरी में पढ़ रहे करीब 20 छात्र-छात्राओं को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद आग पर काबू पाया।
अग्निशमन अधिकारी सुशील कुमार ने बताया कि टावर में सिर्फ एक ही रास्ता था। आग बुझाने के इंतजाम नहीं थे।
छात्र-छात्राओं में मच गई थी चीख-पुकार
द्वारिका टावर में द्वितीय तल पर गोदाम है। प्रथम तल पर नारायण लाइब्रेरी है। भूतल पर जीपी इंटरप्राइजेज के नाम से व्यावसायिक गतिविधियां होती हैं। जब आग लगी तो पूरे भवन में धुआं गूंज गया। लाइब्रेरी में धुआं भरने से छात्र-छात्राएं डर गईं। उनमें चीख-पुकार मच गया।
सुरक्षा के इंतजाम नाकाफी
प्रारंभिक जांच में आया है कि द्वारिका टावर के मालिक शुभम अग्रवाल हैं। कपड़े का गोदाम और लाइब्रेरी सेजल त्रिपाठी का है। उन्होंने दोनों तल किराए पर लिए हैं। अग्निशमन अधिकारी सुशील कुमार ने बताया कि शुरूआती जांच में आग से बचाव संबंधित उपाय नहीं मिले हैं। नोटिस जारी की जाएगी। उसके बाद आगे की कार्रवाई होगी।
अलीगंज में आग से गई थी 15 लोगों कीजान
जून में अलीगंज में इमारत में आग लगने से 15 लोगों की जान गई थी। उसके बाद अग्निशमन विभाग, विद्युत निगम और लखनऊ विकास प्राधिकरण ने ताबड़तोड़ कार्रवाई की। बावजूद इसके द्वारिका टावर में बिना सुरक्षा मानक के गोदाम, लाइब्रेरी चल रही थी।
