विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उन्नाव में भीषण सड़क हादसा: डंपर से टकराई तेज रफ्तार बस, चालक की मौत, 21 घायल

Published: Sun, 30 Aug 2026 07:06 PM (IST)

उन्नाव के नवाबगंज टोल प्लाजा के पास तेज रफ्तार बस डंपर से टकरा गई, जिसमें बस चालक की मौत हो ...और पढ़ें

नवाबगंज टोल प्लाजा के पास डंपर से टकराकर क्षतिग्रस्त हुई रोडवेज बस व नवाबगंज स्वास्थ्य केंद्र में बैठे घायल यात्रियों से नाम पता की जानकारी करती पुलिस।

नवाबगंज टोल प्लाजा के पास डंपर से टकराकर क्षतिग्रस्त हुई रोडवेज बस व नवाबगंज स्वास्थ्य केंद्र में बैठे घायल यात्रियों से नाम पता की जानकारी करती पुलिस।

                   

HighLights

  1. नवाबगंज टोल प्लाजा के पास ढाबे के सामने हुआ हादसा, चालक व कंडक्टर समेत थे 49 यात्री

  2. स्टीयरिंग में फंसे चालक को निकालने में लगा एक घंटा, पौन घंटे हाईवे पर बने रहे जाम के हालात

संवाद सूत्र, नवाबगंज (उन्नाव)। लखनऊ से कानपुर की ओर करीब 100 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से जा रही बस्ती डिपो की बस अजगैन के नवाबगंज टोल प्लाजा के पास ढाबे के सामने अचानक रुके डंपर में पीछे से टकरा गई। हादसे में बस चालक की मौत हो गई, जबकि 49 यात्रियों में 21 घायल हो गए।

सभी घायलों को सीएचसी नवाबगंज ले जाया गया। तीन की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। स्टीयरिंग में फंसे चालक को बाहर निकालने में पुलिस को करीब एक घंटे का समय लगा। इस दौरान हाईवे पर करीब पौन घंटे जाम के हालात बने रहे।

हादसा रविवार तड़के करीब तीन बजे हुआ। बस्ती जिले से 49 यात्रियों को लेकर कानपुर जा रही बस टोल प्लाजा के पास पहुंची थी। इसी दौरान आगे चल रहे डंपर के चालक ने ब्रेक लेकर उसे ढाबे के सामने सड़क पर खड़ा कर दिया। इससे बस चालक 35 वर्षीय देवी प्रसाद ने नियंत्रण खो दिया और बस डंपर में पीछे से जा घुसी।

हादसे के समय अधिकांश यात्री नींद में थे। तेज आवाज के साथ बस में चीख-पुकार मच गई। टक्कर से बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। ढाबा कर्मियों की सूचना पर करीब 20 मिनट बाद पहुंची पुलिस ने यात्रियों को बाहर निकालना शुरू किया। बस चालक बस्ती जिला के परशुरामपुर क्षेत्र के विक्रमज्योति निवासी देवी प्रसाद स्टीयरिंग के बीच फंसा था। पुलिस ने उसे निकालने की मशक्कत शुरू की।

करीब एक घंटे बाद उसे बाहर निकालकर सीएचसी पहुंचाया गया, जहां से जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल में डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। बस में बैठे यात्री दिनेश कुमार ने बताया कि चालक बस तेज रफ्तार में चला रहा था। यात्रियों ने चालक को कई बार टोका भी, लेकिन वह नहीं माना। इसके बाद यह हादसा हो गया।

प्रभारी निरीक्षक सुरेश सिंह ने बताया कि क्षतिग्रस्त बस और डंपर को हाईवे से हटवाकर आवागमन सामान्य कराया गया। सीएचसी नवाबगंज में प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को दूसरी बस से उनके गंतव्य भेजा गया। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

रक्षाबंधन त्योहार कर लौट रही थीं अधिकांश महिलाएं

बस के कंडक्टर सुनील कुमार ने बताया कि चालक को झपकी न लगे, इसके लिए हादसे से पांच मिनट पहले उसे पान-मसाला खाने को दिया था। इसी दौरान आगे चल रहे डंपर ने अचानक स्टीयरिंग मोड़कर ढाबे के सामने डंपर रोक दिया। इससे बस पीछे से उसमें घुस गई। बस में 30 महिला यात्री रक्षाबंधन त्योहार मनाकर वापस घर जा रही थीं। इन सभी की टिकट फ्री की बनी थी। 

 

घायल पता
सुनील कुमार लोनियन पुरवा उज्जैनीकला, थाना धानीपुर, गोंडा
ब्रजलता उस्मानपुर कालोनी, जुही गौशाला, थाना हनुमंत विहार, कानपुर
अनन्या, उम्र दो वर्ष पुत्री संजय
वैष्णवी गौतम -
रानी लौहुरादेवा, थाना कोतवाली खलीलाबाद, संतकबीरनगर
सोनम गोविंदनगर, कानपुर
अमृतराज -
अश्वनी कुमार गोविंदनगर, कानपुर
नसीब उल्ला छबिया मझरिया, थाना मुडेरवा, बस्ती
विशाल पांडेय -
सुरेंद्र पांडेय बेलहर कला, थाना भहदावल, संतकबीरनगर
बाल मुकुंद मिश्र भुवर निरजंनपुर, बस्ती
रामचेत सिंह महेवाकुंवर, थाना हरैथा, जिला बस्ती
सुमित्रा पत्नी रामरूप
कलावती सरसा झखरिया, थाना दुधारा, संतकबीरनगर
दिनेश -
पंकज मवई, थाना मवई, जिला अयोध्या
अरविंद कुमार गुप्ता मीहा रामसेन, थाना रुदौली, जिला बस्ती
कृष्णानंद पांडेय -
हरीशचंद्र आवास विकास कालोनी, कोतवाली नगर, बस्ती
राशिद नगरहा, थाना रुधौली

सभी घायलों को नवाबगंज सीएचसी ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद राशिद, हरीश और दिनेश को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया।