उन्नाव की भगवंतनगर विधानसभा की नौ सड़कें होंगी चकाचक, 11 करोड़ से अधिक का बजट मंजूर; टेंडर प्रक्रिया शुरू
उन्नाव की भगवंतनगर विधानसभा क्षेत्र में नौ जर्जर सड़कों के नवीनीकरण के लिए 11.39 करोड़ रुपये का बजट मंजूर हुआ है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
भगवंतनगर विधानसभा की नौ जर्जर सड़कों का नवीनीकरण होगा।
परियोजना के लिए 11.39 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत।
लोक निर्माण विभाग ने टेंडर प्रक्रिया शुरू की।
जागरण संवाददाता, उन्नाव। भगवंत नगर विधानसभा की छह लाख आबादी के लिए मुश्किल बने नौ जर्जर मार्गों का नवीनीकरण किया जाना तय हो गया है। लोक निर्माण विभाग ने मार्गों का नवीन निर्माण करने के लिए टेंडर आफर कर दिए हैं। जो 27 अक्टूबर को खुलेंगे। फिलहाल यह मार्ग जर्जर अवस्था में हैं। जहां से गुजरने वाला यातायात मुश्किल से सफर पूरा कर रहा है।
जर्जर मार्गों के कारण अब तक क्षेत्र में जनता का आवागमन बेहद मुश्किलों में पूरा हो रहा है। यातायात के लिए यह मार्ग समस्या पैदा कर रहे हैं। मार्गों पर आए दिन वाहनों का खराब होना, टूटना तो एक तरफ राहगीर घायल होकर खामियाजा भुगत रहे हैं। इन मार्गों को बनवाए जाने के लिए लोग लंबे समय से मांग कर रहे थे।
इसके बाद विभाग ने शासन को इन मार्गों के नवीन निर्माण के लिए प्रस्ताव भेजकर बजट की मांग की थी, जिसके बाद विभाग को इन मार्गों के निर्माण के लिए 1138.55 लाख रुपये का बजट अवमुक्त कर दिया गया है। लोक निर्माण विभाग अधिशासी अभियंता हरदयाल अहरिवार ने बताया कि बजट मिल चुका है, जल्द ही मार्गों पर नवीन कार्य शुरू हो जाएगा।
बनने वाले मार्ग व उनकी लागत
पचोड्डा से शक्ति खेड़ा संपर्क मार्ग 88.30 लाख, नारायणपुर संपर्क मार्ग 63.60 लाख, सीपतपुर से शिवपुरी संपर्क मार्ग 176.20 लाख, पुरई से भैरमपुर संपर्क मार्ग 91.30 लाख, डोकरई से सोनी खेड़ा 63.5 लाख, विधानसभा पुरवा क्षेत्र में ग्राम धर्मापुर से ढाकेवीर बाबा मंदिर संपर्क मार्ग 190 लाख, विधानसभा पुरवा में पाटन मार्ग किलोमीटर दो से कान्हा गौशाला से लाल शाह बाबा संपर्क मार्ग तक 78.55 लाख, विधानसभा सदर क्षेत्र में सिकंदरपुर का सरोसी के गांव बसधनान पुल से बहरौला मक्का पुरवा मार्ग 294 लाख रुपये।
