विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उन्नाव में दिल दहलाने वाला हादसा! नशे में चालक होने से चाट के ठेले पर पलटा गिट्टी से भरा डंपर, दबकर 2 की मौत

Published: Sun, 12 Apr 2026 08:46 PM (IST)

उन्नाव के हसनगंज में मोहान-लखनऊ मार्ग पर गिट्टी से भरा एक डंपर चाट के ठेले पर पलट गया। इस दर्दनाक ...और पढ़ें

News Article Hero Image

जागरण संवाददाता, उन्नाव। मोहान-लखनऊ मार्ग बांगरमऊ से लखनऊ की ओर जा रहा गिट्टी से भरा डंपर रविवार शाम लगभग छह बजे हसनगंज के नेवलगंज में अनियंत्रित हो सड़क किनारे बउआ हलवाई की चाट की ठेलिया पर पलट गया।

दुकान पर खड़े तीन लोग गिट्टी के नीचे व एक डंपर के नीचे दब गया। एक घंटे की मशक्कत के बाद सभी को बाहर निकाला गया। दो की मौत हो गई, दुकानदार समेत दो घायल हो गए। एक की हालत गंभीर होने पर लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है।

हसनगंज के नेवलगंज गांव निवासी बउवा का घर लखनऊ-बांगरमऊ मार्ग पर बस्ती के किनारे है। वह चाट का ठेला लगाता है। रविवार को भी उसने ठेला लगाया था। शाम लगभग छह बजे चाट खाने के लिए गांव का 35 वर्षीय अशोक पुत्र राधेश्याम व गांव का ही 14 वर्षीय सूरज पुत्र राजकुमार व गांव का 35 वर्षीय सलीम पुत्र वहीद ठेले के पास खड़ा था।

इसी दौरान मोहान से लखनऊ की ओर जा रहा गिट्टी से भरा डंपर गांव के चालक कपिल की लापरवाही से अनियंत्रित हो चाट के ठेला पर पलट गया। जिससे चाट दुकानदार समेत अन्य गिट्टी व डंपर के नीचे दब गए। आसपास के लोगों की चीख पुकार सुन बड़ी संख्या में लोगों ने पुलिस को सूचना देकर सभी को निकालने का प्रयास शुरू किया।

15 मिनट बाद पहुंची पहुंची पुलिस ने 20 मिनट के अंतराल में बुलडोजर को बुलवाया और गिट्टी को हटाना शुरू किया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद दुकानदार बउवा व ग्राहक सलीम को जीवित बाहर निकाल लिया गया। जबकि अशोक व सूरज को सीएचसी में डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। घायल सलीम को ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर किया गया है। मामूली चोटे होने से दुकानदार इलाज के बाद सीएचसी से घर चला गया।

हादसे के बाद मोहान-लखनऊ मार्ग पर भीषण जाम लग गया। करीब डेढ़ घंटे बाद पहुंची क्रेन से डंपर को उठाकर सड़क किनारे से हटाया गया। पुलिस ने सड़क पर मौजूद सैकड़ों को भीड़ को हटा, आवागमन शुरू कराना शुरू किया है। प्रभारी निरीक्षक शरद कुमार ने बताया कि डंपर चालक को हिरासत में लिया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि चालक नशे में था।