मशाल जला कर्मचारियों ने मांगी पुरानी पेंशन
राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के एक गुट ने गुरुवार को पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर एकबार फिर आंदोलन का ऐलान किया है। नयी पेंशन व्यवस्था के विरोध में मशाल जुलूस निकाल विरोध प्रदर्शन किया। कर्मचारी नेताओं ने मुख्यमंत्री को संबोधित मांगपत्र नगर मजिस्ट्रेट को सौपा।
जागरण संवाददाता, उन्नाव : राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के एक गुट ने गुरुवार को पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर एकबार फिर आंदोलन का ऐलान किया है। नयी पेंशन व्यवस्था के विरोध में मशाल जुलूस निकाल विरोध प्रदर्शन किया। कर्मचारी नेताओं ने मुख्यमंत्री को संबोधित मांग पत्र नगर मजिस्ट्रेट को सौंपा। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद जिले में दो गुटों में बंटी गई है। एक गुट के संयोजक एसपी सिंह के नेतृत्व में परिषद से संबद्ध विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने सिचाई विभाग के निरीक्षण भवन से मशाल जुलूस निकला। मशाल लिए कर्मचारी सरकार विरोधी नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे। यहां नगर मजिस्ट्रेट राकेश गुप्ता को ज्ञापन दिया। इसके पूर्व सभा को संबोधित करते हुए परिषद संयोजक ने कहा कि नयी पेंशन स्कीम को तत्काल समाप्त कर पुरानी पेंशन बहाल की जाए। फार्मासिस्ट संघ के अध्यक्ष अशोक कुमार सिंह ने निजीकरण, आउटसोर्सिंग, ठेकेदारी और संविदा कर्मचारी व्यवस्था को समाप्त कर कर्मचारियों को नियमित पदों पर समायोजित करने की मांग उठाई। कुष्ठ कर्मचारी संघ के अध्यक्ष रमेश चंद उपाध्याय ने सभी संविदा कर्मचारियों को पद से पद के अनुरूप समान कार्य का समान वेतन दिलाने की मांग की। लैब टेक्नीशियन संघ के अध्यक्ष अमरीश सिंह ने छठवें वेतन आयोग में व्याप्त वेतन विसंगति को तत्काल दूर करने की मांग की। वहीं सहायक वन कर्मचारी संघ के महामंत्री ऋषि, एक्सरे टेक्नीशियन के महामंत्री वीरेंद्र सिंह ने कर्मचारियों की मांगों पर सहानुभूति पूर्वक विचार करने की मांग की। ज्ञापन देने वालों में अनिल कुमार एलटी, आनंद सिंह, मोहम्मद फुरकान अली, शिवकुमार, कविता, रंजू, कंचन सिंह भदौरिया, रमा प्रकाश मिश्रा, रत्नेश कुमार, अंशू चौरसिया आदि शामिल रहीं।