वॉक पर निकली महिला की चेन छीनी
जागरण संवाददाता, उन्नाव: शहर की पाश कालोनी पीडी नगर में शनिवार देर शाम इवनिंग वाक पर निकली एक महिला
जागरण संवाददाता, उन्नाव: शहर की पाश कालोनी पीडी नगर में शनिवार देर शाम इवनिंग वाक पर निकली एक महिला से नकाबपोश बाइक सवार बदमाशों ने चेन छीन ली। घटना के दौरान महिला ने शोर मचाया, तो आसपास के लोगों ने उन्हें पकड़ने का भी प्रयास किया, लेकिन बदमाश भागने में सफल रहे। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस आसपास के घरों में बाहरी छोर पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज से बदमाशों का पता लगाने में जुटी रही।
घटना शनिवार शाम करीब आठ बजे की है। शहर के पीडी नगर निवासी संतोष त्रिवेदी की पत्नी कनिका शाम घर के निकट स्थित मनोरंजन पार्क के पास टहल रही थी। तभी एक बाइक पर सवार दो नकाबपोश युवक पीछे से पहुंचे, कनिका कुछ समझ पाती कि उससे पहले ही बदमाशों ने उसके गले में पकड़ी सोने की चेन पर झपट्टा मारते हुए उसे खींच लिया। जैसे ही कनिका को खुद के साथ हुई घटना का अहसास हुआ तो उन्होंने शोर मचा कर लोगों से मदद मांगी। आसपास के लोग दौड़े भी लेकिन तब तक बाइक सवार दोनों बदमाश भाग निकले थे। मौके से ही स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। कुछ देर बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की छानबीन शुरू की।