आज बदला जाएगा पैनल, दस घंटे गुल रहेगी बिजली
कब्बाखेड़ा सब स्टेशन में रविवार को पूरननगर कल्याणी टाइप वन पुलिस लाइन के पैनल बदले जाएंगे इसके चलते सुबह
जागरण संवाददाता, उन्नाव : कब्बाखेड़ा सब स्टेशन में रविवार को पूरननगर, कल्याणी, टाइप वन, पुलिस लाइन के पैनल बदले जाएंगे, इसके चलते सुबह 8 से शाम 6 बजे तक बिजली गुल रहेगी। 15 दिन पहले इसी फीडर से जुड़े तीन पैनल बदले जा चुके हैं। पैनल बदले जाने से लो-वोल्टेज के साथ स्पाउट फुंकने की समस्या खत्म हो जाएगी।
कब्बाखेड़ा सब स्टेशन में बिजली की आपूर्ति ठीक ढंग से बहाल करने के लिए उसमें प्रोटेक्शन का काम चल रहा है। 15 दिन पहले सब स्टेशन से जुड़े चार फीडरों के पैनल नए कर दिए गए थे तो वहीं रविवार को बचे हुए फीडरों के पैनल बदले जाएंगे। सुबह 8 बजे से लेकर शाम 6 बजे तक मरम्मत का काम चलेगा। इस कारण बिजली आपूर्ति ठप रहेगी। करीब 10 हजार उपभोक्ताओं को इस कारण भीषण उमस में बिना बिजली के 10 घंटे काटने होंगे। शासन की सख्ती का है असर
असल में शासन लाइनलॉस को रोकने के लिए कवायद करने के साथ एक्शन कर रहा है। इस कारण फीडरों को नया करने के भी निर्देश दिए गए हैं। असल में फीडर में फाल्ट होने से भी लाइनलॉस होता है जिसका चूना विभाग को लगता है। इस कारण सभी पुराने फीडर को नया किया जा रहा है। सब स्टेशन के तीन फीडरों के पैनल बदले जाएंगे, रविवार को यह काम किया जाएगा, एक चरण में चार पैनल बदले जा चुके हैं अब बचे हुए पैनल बदल दिए जाएंगे।
- अमर पाल सिंह, जेई कब्बाखेड़ा सब स्टेशन