लोकसभा चुनाव 2019 : साक्षी महाराज बोले- मोदी नाम की सुनामी है, 2024 में नहीं होगा चुनाव
पार्टी के समर्पण निधि कार्यक्रम में सांसद के बयान ने चर्चाओं को बल दिया है।
उन्नाव, जेएनएन। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष को लिखा पत्र चर्चा में आने से उठा सियासी तूफान अभी शांत नहीं हो पाया था कि सांसद साक्षी महाराज ने दावा कर दिया है कि 2024 में देश में चुनाव ही नहीं होगा। पार्टी के समर्पण निधि कार्यक्रम में उनके इस बयान को लेकर एक बार फिर चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है।
उन्नाव शहर में गुरुवार की शाम पार्टी का समर्पण निधि कार्यक्रम का आयोजन किया गया था, इसमें प्रदेश भाजपा के सह प्रभारी गोवर्धन झड़फिया और सांसद साक्षी महाराज मौजूद थे। कार्यक्रम में साक्षी महाराज ने कहा कि कुछ लोग पार्टी की छवि धूमिल करना चाहते हैं, जो खिसिया गए हैं। वर्ष 2014 में मोदी लहर थी लेकिन वर्ष 2019 में मोदी नाम की सुनामी है। उन्होंने कहा कि दुनिया की कोई भी ताकत मोदी को प्रधानमंत्री बनाने से रोक नहीं सकती है। इससे कुछ लोग बौखलाए हैं, कभी प्रियंका को लेकर आ गए तो कभी गठबंधन हो गया फिर गठबंधन हो गया पता नहीं क्या क्या हो रहा है। पर हमारे नेता मोदी सारे विश्व के लोकप्रिय नेता हैं और अब सारे देश में चर्चा हो रही है कि मोदी है तो देश है।
पहली बार आई देश में जागृति
सांसद साक्षी महाराज ने कहा कि अब चुनाव होगा तो पार्टी का चुनाव नहीं होगा, वो साक्षी महाराज का चुनाव नहीं होगा। अब जो चुनाव होने वाला है वो देश का चुनाव होने वाला है। पहली बार देश में जागृति आई है, हिंदू जग गया है लोग जग गए हैं। मैं संन्यासी हूं, मुझे लगता है कि इस चुनाव के बाद 2024 में चुनाव नहीं होगा। केवल यही चुनाव है जो देश के नाम पर लड़ाया जा रहा है, हम लोग पूरी ईमानदारी व सत्यनिष्ठा से उन्नाव ही नहीं जिस किसी का जहां कहीं भी संपर्क हो सब जगह प्रयास करके देश के लिए भाजपा को जिताने का काम करेंगे। मेरा मन कहता है परिणाम पहले से बढिय़ा आने वाला है। मुझे लगता है भविष्यवाणी सही हो सकती है।