गैस सिलिडर फटने से छत ढही, गृहस्थी राख
संवाद सूत्र अचलगंज थानाक्षेत्र के बंथर गांव में सोमवार देर रात खाना बनाते समय गैस सिलिडर के र
संवाद सूत्र, अचलगंज: थानाक्षेत्र के बंथर गांव में सोमवार देर रात खाना बनाते समय गैस सिलिडर के रेगुलेटर में आग लगने से अफरा तफरी मच गई। इससे भयभीत होकर घर के सभी लोग बाहर भागे और सूचना फायर ब्रिगेड व पीआरवी को दी। जल रहा सिलिडर जब तक बुझाया जाता तब तक वह तेज धमाके के साथ फट गया। इससे कमरे की छत ढह गई और दीवारें दरक गई। साथ ही लाखों रुपये की गृहस्थी राख हो गई। गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई।
अचलगंज थानाक्षेत्र के गांव बंथर निवासी विश्राम लोधी पुत्र हरी के घर पर उनकी पत्नी खाना बना रही थी। तभी अचानक गैस सिलिडर के रेगुलेटर में आग लग गई। लपटें देख वह बाहर भागी। आग देख घर के अन्य सदस्य भी बाहर की ओर दौड़ पड़े। तभी अचानक जोरदार धमाके के साथ सिलिडर फट गया। धमाका इतनी तेज था कि उसकी आवाज करीब चार किमी दूर तक सुनाई दी। सिलिडर फटने से विश्राम लोधी के घर का वह कमरा जिसमें गैस रखा था उसकी छत ढह गई और धमाके से पूरे घर की दीवारें दरक गईं। वहीं पड़ोसियों के भी मकान हिल गए। धमाका सुन आसपास के लोग बाहर आए और विश्राम के घर की ओर दौड़े। फोन से पुलिस व फायर ब्रिगेड को सूचित किया गया। एसओ राघवन सिंह व अन्य पुलिस ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक गृहस्थी जलकर राख हो चुकी थी। मंगलवार सुबह राजस्व निरीक्षक राम पाल मौके पर पहुंचे और नुकसान का जायजा लिया। विश्राम ने दो लाख से अधिक का नुकसान होने की बात कही है। प्रधान विजय लोधी ने जिला प्रशासन से तत्काल सहायता देने की मांग की है।