विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

UP के लिए 29 अप्रैल ऐतिहासिक दिन, दो बड़े कानपुर-लखनऊ व गंगा एक्सप्रेस-वे का होगा लोकार्पण, पीएम मोदी आएंगे

Published: Fri, 17 Apr 2026 10:31 PM (IST)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 29 अप्रैल को गंगा एक्सप्रेस-वे और कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेस-वे का लोकार्पण कर सकते हैं। उन्नाव में गंगा एक्सप्रेस-वे का 105 किमी हिस्सा लगभग पूरा हो चुका है।

News Article Hero Image

HighLights

  1. प्रधानमंत्री मोदी करेंगे गंगा, कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेस-वे का लोकार्पण।

  2. उन्नाव में गंगा एक्सप्रेस-वे का निर्माण कार्य लगभग पूरा।

  3. एक्सप्रेस-वे किनारे औद्योगिक गलियारा विकास को देगा गति।

जागरण संवाददाता, उन्नाव। जनपद में 105 किलोमीटर के गंगा एक्सप्रेस-वे के निर्माण का कार्य लगभग पूरा हो चुका है। वहीं अब इस एक्सप्रेस-वे के लोकार्पण की तैयारी भी शुरू कर दी गई है। गंगा एक्सप्रेस-वे के साथ ही नवनिर्मित कानपुर लखनऊ एक्सप्रेसवे के भी लोकार्पण की संभावना जताई जा रही है।

दोनों ही एक्सप्रेस-वे का लोकार्पण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। संभावित लोकार्पण कार्यक्रम के लिए जनपद से भी अधिकारियों की ड्यूटी लगाए जाने के लिए चार्ट बन चुका है। गंगा एक्सप्रेस-वे के असिस्टेंट जनरल मैनेजर पुष्पद के अनुसार फिलहाल कोई लिखित सूचना नहीं आई है। मौखिक के आधार पर हमलोग 29 अप्रैल के लिए तैयारी कर रहे हैं।

गंगा एक्सप्रेस वे जिले में लखनऊ आगरा एक्सप्रेस वे, नेशनल हाइवे कानपुर-लखनऊ व कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेस वे जंक्शन के माध्यम से लिंक है। जिससे संबंधित मार्गों का यातायात गंगा एक्सप्रेस वे पर और गंगा एक्सप्रेस वे का यातायात इन मार्गों पर तय स्थानों से चढ़ उतर सकता है।इससे तीनों मार्गों के लगभग एक लाख वाहनों को सुविधा होगी।

राह होगी आसान

गंगा एक्सप्रेस-वे जिले के रास्ते होते हुए रायबरेली, प्रतापगढ़ होकर प्रयागराज जा रहा है। इसका निर्माण मेरठ से शुरू हुआ जो विभिन्न जिलों से होते हुए हरदोई तक और फिर हरदोई से बांगरमऊ, सफीपुर, हसनगंज, सदर, पुरवा और बीघापुर तहसीलों के गांव से होते हुए सीधे रायबरेली जिले को जा रहा है।

यहां से लिंक है एक्सप्रेस वे, यातायात को होगी सहूलियत

गंगा एक्सप्रेस-वे की मेरठ से प्रयागराज के बीच कुल लंबाई 594 किमी की है। एक्सप्रेस-वे जनपद में सबसे लंबा 104.8 किमी का है। जिले से ही आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे और कानपुर-लखनऊ राजमार्ग भी निकला है। वहीं, एलीवेटेड कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेस-वे अलग रूट से निकल रहा है। गंगा एक्सप्रेस-वे तीनों को क्रास करेगा।

इन मार्गों पर उतर या चढ़ सकते

हरदोई और उन्नाव की सीमा के बीच में आगरा एक्सप्रेस-वे पर जंक्शन वहीं पर बन चुका है। कानपुर-लखनऊ हाईवे पर सोनिक के पास जंक्शन बनकर तैयार हो चुका है। वहीं नवनिर्मित एलीवेटेड कानपुर लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर नेवरना में एक जंक्शन बना है। इन जंक्शन से गंगा एक्सप्रेस-वे के वाहन अथवा इन मार्गों का यातायात संबंधित मार्गों पर चढ़-उतर सकेंगे। बांगरमऊ के टिकरिया के पास अंडरपास बन चुका है।

एक्सप्रेस वे के किनारे विकसित किया जा रहा 248 हेक्टेयर का औद्योगिक गलियारा

जनपद में गंगा एक्सप्रेस-वे के किनारे सदर तहसील के बिछिया ब्लाक क्षेत्र के गांव सराय कटियान में दो फेस में जिसमें पहला 132 तो दूसरा 116 कुल 248 हेक्टेयर के अंतर्गत तैयार किया गया औद्योगिक गलियारा भी विकास से संतृप्त किया जा रहा है। जहां अब तक दो विदेशी कंपनियों ने अपने उद्यम लगाए जाने की शुरुआत कर दी है। वहीं अन्य पांच कंपनियां प्रक्रिया के तहत लाइन में है।

 

गंगा एक्सप्रेस-वे : तहसीलवार गांवों की संख्या
तहसील गांवों की संख्या
पुरवा 4
बांगरमऊ 11
बीघापुर (पाटन) 19
हसनगंज 7
सदर 15
सफीपुर 20

 

 

एक्सप्रेस-वे की खास बातें
कुल 1314.970 हेक्टेयर जमीन का अधिग्रहण किया गया
उन्नाव क्षेत्र के लिए भूमि अधिग्रहण की लागत लगभग 625 करोड़ रुपये
छह लेन का गंगा एक्सप्रेस-वे तैयार किया जा रहा है
एक्सप्रेस-वे की ऊंचाई लगभग 8 से 10 मीटर रखी गई है
दोनों ओर 130 मीटर चौड़ाई तक भूमि अधिग्रहण किया गया
करीब 70 से 80 हजार किसानों की भूमि अधिगृहीत हुई

 

गंगा एक्सप्रेस वे व कानपुर लखनऊ एक्सप्रेस वे दोनों के प्रधानमंत्री द्वारा लोकार्पण की संभावना बनी है। इसके लिए जिले से भी अधिकारियों की ड्यूटी लगाई जा रही है।
- गौरांग राठी-डीएम