उन्नाव: पुष्पक एक्सप्रेस में हमला करने वाले आरोपी की मौत, जेल में खुद को किया था घायल
पुष्पक एक्सप्रेस में एक नेपाली युवक ने ब्लेड से चार यात्रियों पर हमला किया, जिसके बाद उसे उन्नाव स्टेशन पर ...और पढ़ें

एआई जनरेटेड तस्वीर
HighLights
पुष्पक एक्सप्रेस में नेपाली युवक ने यात्रियों पर ब्लेड से हमला किया।
उन्नाव में हिरासत के बाद हवालात में खुद को घायल कर लिया।
इलाज के दौरान मौत; चार आरपीएफ कर्मी निलंबित किए गए।
जागरण संवाददाता, उन्नाव। लखनऊ से उन्नाव होकर कानपुर जा रही पुष्पक एक्सप्रेस में नेपाली युवक ने एक महिला समेत 4 यात्रियों पर ब्लेड से हमला कर दिया। नेपाली युवक पर नशे करके यात्रा करने का आरोप है। ट्रेन में नशा करने की यात्रियों की शिकायत पर उन्नाव रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ ने आरोपी को हिरासत में ले लिया।
मंगलवार देर रात हवालात में उसने ब्लेड से अपने गले पर वार कर खुद को गंभीर रूप से घायल कर लिया। कानपुर के एलएलआर अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इस मामले में आरपीएफ इंस्पेक्टर सहित 4 को सस्पेंड कर कार्रवाई की गई है।
पुष्पक एक्सप्रेस में सफर कर रहा आरोपी युवक नशे की हालत में यात्रियों के साथ गाली-गलौज और अश्लील हरकतें कर रहा था। विरोध करने पर उसने ब्लेड से यात्रियों पर हमला कर दिया, जिससे एक महिला समेत 4 यात्री घायल हो गए। जिसके यात्रियों ने रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर फोन कर शिकायत दर्ज कराई।
हमले के आरोपी नेपाली युवक पर ट्रेन में नशा करने की शिकायत पर कार्रवाई
मंगलवार रात लगभग 10 बजे उन्नाव रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम अनिल पुत्र कउदे, निवासी नेपाल के डांग जिले के बिजौली टिकरी थाना क्षेत्र का बताया। आरपीएफ ने रिपोर्ट दर्ज करने के बाद उसे हवालात में बंद कर दिया।
इसी दौरान आरोपी ने ब्लेड से अपने गले पर कई वार कर लिए। आरपीएफ उपनिरीक्षक सुरजीत सिंह उसे तत्काल जिला अस्पताल ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे कानपुर के एलएलआर अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां उपचार के दौरान उसकी बुधवार को मौत हो गई।
आरोपी हमलावर की मौत के मामले में आरपीएफ पर गिरी गाज
इस मामले में आरपीएफ इंस्पेक्टर हरीश कुमार सहित चार आरपीएफ कर्मियों पर निलंबन की कार्रवाई की गई है। हालांकि आरपीएफ एएसआई लाल चंद्र ने बताया कि मामले की जांच चल रही है। निलंबन का कोई पत्र नहीं आया है।
