उन्नाव में लूटपाट के बाद महिला की हत्या कर भागे लूटेरे, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज शुरु की जांच
उन्नाव के गंगाघाट क्षेत्र के गायत्रीनगर भातूफार्म मोहल्ले में शुक्रवार रात लगभग नौ बजे एक घर में लूटपाट के बाद एक 58 वर्षीय महिला की हत्या कर दी गई। महिला की शरीर पर चोटों के निशान से पुलिस ने हत्या की आशंका जताई है।
By Abhishek AgnihotriEdited By: Published: Sat, 12 Nov 2022 12:33 PM (IST)Updated: Sat, 12 Nov 2022 12:33 PM (IST)
उन्नाव, जागरण संवाददाता। गंगाघाट क्षेत्र के गायत्रीनगर भातूफार्म मोहल्ले में शुक्रवार रात लगभग नौ बजे एक घर में लूटपाट के बाद एक 58 वर्षीय महिला की हत्या कर दी गई। गले व ठोड़ी पर चोट के निशान होने से गला दबाकर हत्या की आशंका जताई जा रही है। घटनास्थल पर महिला की चूड़ियां टूटी पड़ी होने से अंदाजा लगाया जा रहा है कि महिला ने लूटपाट के दौरान लुटेरों से हाथापाई भी की थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गायत्रीनगर भातूफार्म निवासी कांती मिश्रा अपने पति प्रेमशंकर मिश्रा के साथ रहती थी। उनके पति कपड़ा बाजार कानपुर में काम करते हैं। रात लगभग नौ बजे जब वह घर लौटे तो मेनगेट खुला पड़ा था। अंदर बरामदे में पत्नी का शव पड़ा था। उन्होंने मोहल्ले में रहने वाली अपनी बड़ी बेटी मीनाक्षी पत्नी अमित कुमार को जानकारी दी। जिसपर मोहल्ले के लोग उनके घर पहुंच गए। घर के बाहर भीड़ लग गई।
अंदर के कमरे के दरवाजे का बेलन टूटा पड़ा था व अलमारी का सामान भी बिखरा पड़ा था। गंगाघाट कोतवाल अखिलेश चंद्र पांडेय ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। मौके पर सीओ सिटी आशुतोष कुमार पहुंच रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सब साफ हो जाएगा कि मौत कैसे हुई है।
Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें