विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लखनऊ-कानपुर हाईवे पर अगले 90 दिनों तक रूट डायवर्ट, सरैया क्रॉसिंग से निकलेंगे भारी वाहन

Published: Mon, 14 Sep 2026 09:02 AM (IST)

जाजमऊ गंगा पुल की मरम्मत के कारण लखनऊ-कानपुर हाईवे पर भारी वाहनों का आवागमन 90 दिनों के लिए डायवर्ट कर दिया गया है।

सरैया क्रॉसिंग से निकलेंगे भारी वाहन।

सरैया क्रॉसिंग से निकलेंगे भारी वाहन।

HighLights

  1. जाजमऊ गंगा पुल मरम्मत के लिए 90 दिन का डायवर्जन।

  2. लखनऊ-कानपुर हाईवे पर भारी वाहनों का मार्ग बदला गया।

  3. आजाद मार्ग और गदनखेड़ा चौराहा पर जाम की समस्या।

जागरण संवाददाता, उन्नाव। लखनऊ-कानपुर हाईवे पर जाजमऊ गंगा पुल के मरम्मत कार्य को लेकर लखनऊ से कानपुर जाने वाली लेन पर भारी वाहनों के चलने पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई।

इसके लिए रविवार दोपहर 2:30 बजे आजाद मार्ग चौराहा व गदनखेड़ा चौराहा से ओवरब्रिज की ढाल पर हाईवे के बीचो-बीच सड़क पर रेडियम पट्टी लगे बोल्डर रखकर मार्ग को ब्लाक कर दिया गया।

बोल्डर के बीच से कार व बाइक के निकलने भर का रास्ता छोड़ा गया है। लखनऊ से कानपुर जाने वाले वाहनों को सर्विस लेन से गदनखेड़ा चौराहा से रायबरेली रोड की ओर मोड़ा गया।

ट्रैफिक व सिविल पुलिस के कर्मी भारी वाहनों को मोड़ने के लिए दोपहर से रात तक पसीना बहाते रहे। इस दौरान चालकों से कई चक्रों में तीखी नोकझोक भी हुई। 90 दिन तक भारी वाहन लखनऊ से सीधे कानपुर नहीं जा पाएंगे। इसी तरह डायवर्जन लागू रहेगा।

दोपहर 2:30 बजे एनएचएआइ के अधिकारी गदनखेड़ा व आजाद मार्ग चौराहा पर बनाए गए डायवर्जन प्वाइंट पर पहुंचे। उनके निर्देश के बाद भारी वाहनों को डायवर्ट करने के लिए क्रेन से हाईवे के बीचो बीच बोल्डर रखने शुरू किए गए। इस दौरान आजाद मार्ग पर एक घंटे भीषण जाम लग गया। इसका मुख्य कारण कारण बदरका से आजाद मार्ग पर पहुंचने वाले वाहन रहे।

एक घंटे बाद अचलगंज से बदरका जाने वाले मार्ग को भी बोल्डर रखकर बंद कर दिया गया। दोपहर ढाई बजे से 3:30 बजे तक डायवर्जन होने से आजाद मार्ग पर भारी वाहन फंस गए। चार ट्रैफिक कर्मी व अचलगंज थाना के इतने ही पुलिस कर्मियों ने दौड़भाग कर इन वाहनों को यूटर्न लेकर वापस किया।

एक घंटे बाद आवागमन सामान्य हो गया। गदनखेड़ा चौराहा पर लखनऊ से कानपुर की ओर जाने वाले भारी वाहनों को रायबरेली की ओर मोड़ा जाने लगा। कई वाहन चालक पुलिस से भिड़े गए। हालांकि पुलिस ने किसी को कानपुर की ओर नहीं जाने दिया और रायबरेली की ओर डायवर्ट कर दिया।

यह वाहन बिहार से बक्सर मार्ग पकड़कर बक्सर पुल से फतेहपुर होकर कानपुर पहुंचेंगे।लगभग 80 किमी का भारी वाहनों को चक्कर लगाना पड़ रहा है। गदनखेड़ा चौराहा पर 100 मीटर के दायरे में दोपहर बाद से रुक-रुककर जाम लगता रहा।

बक्सर पुल की ओर जाने की जगह वाहन रायबरेली रोड पर वाहन किनारे खड़े कर देर शाम तक रुके रहे।जिससे किनारे की ओर भारी वाहनों की लंबी कतार लगी रही। शाम छह बजे के बाद बक्सर पुल से भारी वाहन निकलना शुरू हुए। हालांकि किसी तरह की जाम की समस्या नहीं रही।

एनएचएआई ने लगाए डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड

एनएचएआई की ओर से गदनखेड़ा व आजाद मार्ग पर चौराहा स्थित डायवर्जन प्वाइंट पर डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड लगाए गए हैं।जो वाहनों चालकों को डायवर्जन का संकेत दे रहे हैं। उन्हें किस रूट से जाना है, इसका भी डिस्प्ले किया जा रहा है। वहीं नवाबगंज व बीघापुर टोल प्लाजा पर किसी तरह का डायवर्जन के संकेत देने का कोई डिस्प्ले बोर्ड दिखाई नहीं दिया।

यह भी पढ़ें- यमुना एक्सप्रेसवे पर ट्रक से टकराई बस, चालक की कटी गर्दन, हादसे में एक यात्री की मौत और कई घायल

गदनखेड़ा चौराहा पर दो वाहन हुए खराब, झट से पहुंची क्रेन

रविवार दोपहर लगभग 3:30 बजे गदनखेड़ा चौराहा से रायबरेली की ओर भारी वाहनों को पुलिस व ट्रैफिक कर्मी मोड़ रहे थे। इसी दौरान मलबा लेकर जा रहा डंपर खराब हो गया।

ट्रैफिक कर्मी का इशारा मिलते ही एनएचएआइ द्वारा वहीं अंडरपास पर खड़ी कराई गई क्रेन को लेकर झट से चालक पहुंचा और डंपर को खींचकर किनारे ले गया।अभी वह लौटा भी न था कि दूसरा ट्रक खराब हो गया। जिससे जाम लगने लगा।हालांकि ट्रक कुछ देर बाद स्टार्ट हुआ, जिसे चालक लेकर रायबरेली की ओर मुड़ गया।

लालकुआं मार्ग पर धानीखेड़ा में रहा एक घंटे रहा जाम

गदनखेड़ा से डायवर्जन के बाद रायबरेली रूट पकड़ने वाले भारी वाहन लालकुआं पहुंचे और बक्सर की मुड़ गए। भारी तादात में इन वाहनों के चलने से धानीखेड़ा के पास शाम पांच बजे से छह बजे तक जाम लगा रहा।

बारासगवर थाना पुलिस ने मशक्कत के बाद वाहनों को आगे बढ़ाकर आवागमन सामान्य कराया। धानीखेड़ा चौराहा पर फुटपाथ पर लगे दुकानदारों को हटवा गया और दोबारा दुकानें न लगाने की हिदायत दी गई।

भारी वाहनों को इस तरह किया गया डायवर्ट 

लखनऊ से कानपुर जाने वाले भारी वाहन गदनखेड़ा चौराहा से अब एनएच-31 रायबरेली रोड होते हुए बिहार से बक्सर पुल होकर एनएच-19 से कानपुर जाएंगे। इसी मार्ग का प्रयोग उन्नाव से औरैया और इटावा जाने वाले भारी वाहन भी कर सकेंगे।

औरैया-इटावा जाने वाले भारी वाहनों को गंगा एक्सप्रेसवे के रास्ते आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे का प्रयोग कर सकते हैं। वहीं उन्नाव से बांदा और महोबा जाने वाले भारी वाहनों को एनएच-31 से लालगंज और फतेहपुर होते हुए आगे जाना होगा। जबकि हमीरपुर, झांसी और उरई जाने वाले वाहनों के लिए एनएच-31 से बिहार होते हुए बक्सर मोड़, एनएच-19 (चौडगरा), घाटमपुर होते हुए एनएच-34 का मार्ग निर्धारित किया गया है।

चालकों की प्रतिक्रिया

गोरखपुर से कानपुर जाना था। गदनखेड़ा चौराहा से मोड़ दिया गया। इस रूट की ठीक से जानकारी नहीं है।अब कहां जाए समझ में नहीं आ रहा है। मोटर मालिक को फोन किया है। अब चक्कर लगाकर जाना पड़ेगा।
सुभाष, ट्रक चालक 

मुझे चौडगरा जाना था। कानपुर रामादेवी से मुुड़ना था। गदनखेड़ा चौराहा से मोड़ दिया गया है। इस चौराहा से 500 मीटर दूर पंप पर डीजल लेना है। उसी पंप से ट्रक में हमेशा डीजल डलाता हूं। मोटर मालिक को जानकारी दी है।
सुशील, ट्रक चालक

डायवर्जन प्वाइंट पर पर्याप्त फोर्स तैनात की गई है। पूरे दिन जाम दोनों प्वाइंटों पर वाहनों को मोड़ते समय छिटपुट जाम की समस्या रही। लगातार निगरानी की जा रही है। डायवर्जन यातायात को सुचारु बनाए रखने और जाम की स्थिति से बचने के लिए जारी किया गया है। 90 दिन तक जाजमऊ पुल का मरम्मतीकरण होने के बाद वाहनों का आवागमन कानपुर-लखनऊ हाईवे से बहाल किया जाएगा।
जयप्रकाश सिंह, एसपी