यमुना एक्सप्रेसवे पर ट्रक से टकराई बस, चालक की कटी गर्दन, हादसे में एक यात्री की मौत और कई घायल
यमुना एक्सप्रेसवे पर नोएडा से गोंडा जा रही स्लीपर कोच बस ट्रक से टकरा गई, जिसमें बस के प्रथम चालक ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
यमुना एक्सप्रेसवे पर बस-ट्रक की भीषण टक्कर हुई।
हादसे में बस चालक की गर्दन कटी, एक यात्री की मौत।
छह घायल यात्रियों को एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया।
जागरण संवाददाता, आगरा। यमुना एक्सप्रेसवे के रास्ते नोएडा से गोंडा जा रही स्लीपर कोच आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। हादसे में कंडक्टर साइड में बैठे प्रथम चालक की गर्दन धड़ से अलग हो गई। साथ ही एक यात्री की मौत हो गई, जबकि छह घायल हुए हैं। पुलिस के पहुंचने तक ट्रक चालक फरार हो गया। हादसे का कारण चालक को झपकी आना बताया जा रहा है।
दुर्घटना शनिवार रात दो बजे खंदौली क्षेत्र में माइल स्टोर 149 के पास की है। स्लीपर कोच बस में चार दर्जन से ज्यादा यात्री थे। एक यात्री के अनुसार, घटना के वक्त अधिकांश यात्री सो रहे थे। इसी बीच बस लहराई और जोरदार आवाज हुई। बस कंडक्टर साइड से ट्रक से टकराई थी, जिससे अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
सीट पर बैठे बस के प्रथम चालक अजय की गर्दन धड़ से अलग हो गई। वहीं, गोंडा के 25 वर्षीय अनुज की भी मौके पर ही मौत हो गई। बस में सवार अन्य यात्रियों को पुलिस ने निकाला। छह घायलों को एसएन मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया। इंस्पेक्टर खंदौली उपेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि ट्रक चालक की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। मृतक अनुज हरियाणा के बहादुरगढ़ में मजदूरी करते थे और घर लौट रहे थे।
