पति की मानसिक हालत ठीक न होने पर दी जान
संवाद सूत्र, अचलगंज : शादी के बाद ससुराल पहुंची विवाहिता पति के मंदबुद्धि होने की बात को बर्दाश्
संवाद सूत्र, अचलगंज : शादी के बाद ससुराल पहुंची विवाहिता पति के मंदबुद्धि होने की बात को बर्दाश्त न कर सकी और कुछ दिन ससुराल रहने के बाद मायके चली गई। पांच दिन पहले उसे जबरन ससुराल भेजा गया तो उसने मौत को गले लगा लिया। सोमवार शाम कमरे में उसका शव फंदे पर लटकता देख ससुरालियों में अफरातफरी मच गई। मायके पक्ष के साथ पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। जांच के दौरान घटना के कारणों का सच जानने के बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया।
फतेहपुर जनपद के औंग थाना क्षेत्र के बंगला गांव निवासी अच्छेलाल ने बेटी जूली उर्फ फूलदुलारी (20) की शादी एक साल पहले अचलगंज के बंदीपुरवा गांव निवासी रामपाल के पुत्र देशराज के साथ की थी। ससुराल पहुंचने के बाद जब जूली को इस बात की भनक लगी कि पति की दिमागी हालत ठीक नहीं है तो वह ससुराल में रहने को तैयार नहीं हुई और कुछ दिन बाद मायके चली गई। परिजनों के दबाव में वह एक दो बार ससुराल आई पर यहां रुक न सकी और मायके में रहने लगी। पांच दिन पहले परिजनों के दबाव में वह ससुराल आई थी। सोमवार देर शाम घर के बरामदे की छत से विवाहिता का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। शव देख ससुरालियों के होश उड़ गए।
सूचना पर पहुंचे बदरका चौकी प्रभारी अनिल अवस्थी ने उच्चाधिकारियों को मामले की जानकारी देकर कारणों को खंगाला। एसओ अचलगंज आशुतोष त्रिपाठी ने बताया कि मृतका के पिता ने फंदे से शव लटका होने और पोस्टमार्टम कराए जाने की तहरीर दी थी। मौके पर जांच के दौरान पता चला कि महिला ग्रेजुएट थी पर उसका पति पढ़ा लिखा न होने के साथ दिमागी कमजोर था। इसी सदमें में महिला ने जान दी। नायब तहसीलदार शशि¨बद द्विवेदी की मौजूदगी में शव फंदे से नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। वहीं घटना को कारणों को लेकर परिजन कुछ भी बोलने को तैयार नहीं हुए।