गर्म हवा से बढ़ने लगा गर्मी का सितम, पारा 40 डिग्री
जागरण संवाददाता उन्नाव अप्रैल में गर्मी का तेवर ने रंग दिखाना शुरू कर दिया है। रात में भी
जागरण संवाददाता, उन्नाव : अप्रैल में गर्मी का तेवर ने रंग दिखाना शुरू कर दिया है। रात में भी गर्मी होने से दिन और रात का सुकून छिन रहा है। दिन में लू चलने से सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहता है। मंगलवार को भीषण गर्मी रही और तापमान 40 डिग्री पहुंच गया। दोपहर में सड़कों पर सन्नाटा नजर आया। मौसम विभाग के निदेशक जेपी गुप्ता के मुताबिक पश्चिम की हवा का दबाव बढ़ गया है और तापमान में वृद्धि होगी।
अप्रैल में गर्मी के तेवर तल्ख होना शुरू हो गए हैं। राजस्थान से आने वाली गर्म हवा का प्रभाव बढ़ते ही गर्मी ने लोगों की परीक्षा लेनी शुरू कर दी है। सोमवार को सुबह मौसम ठीक रहा लेकिन दोपहर में गर्मी रही और साथ ही लू चलने से लोग घरों पर ही रहे। अधिकतम तापमान अप्रैल में पहली बार 40 डिग्री पहुंच गया। जबकि सुबह सात बजे तापमान 27 डिग्री रहा। वहीं हवा की रफ्तार 12 किमी प्रतिघंटा रही। लू चलने से लोगों को गर्मी से बचने के इंतजाम करने पड़े। दोपहर में सड़कों पर सन्नाटा रहा। न्यूनतम तापमान 23 डिग्री रहा। मौसम विभाग के निदेशक जेपी गुप्ता के मुताबिक राजस्थान से आने वाली हवा के कारण लू चलना शुरू है। यदि तापमान एकदम से ऊपर बढ़ता है तो फिर आंधी आने की संभावना है।
........
पांच दिनों के तापमान पर नजर
दिन-अधिकतम तापमान-न्यूनतम तापमान
9 अप्रैल-38 डिग्री-23 डिग्री
10 अप्रैल-38 डिग्री-23 डिग्री
11 अप्रैल-38 डिग्री-20 डिग्री
12 अप्रैल-38 डिग्री-23 डिग्री
13 अप्रैल-40 डिग्री-23 डिग्री
-------
नामांकन और दर्शन करने वालों के छूटे पसीने
- पंचायत चुनाव के लिए मंगलवार से नामांकन दाखिल करने के प्रक्रिया शुरू हो गई। प्रत्याशियों को समर्थकों के साथ चिलचिलाती धूप में नामांकन पत्र दाखिल करने के लिए कलेक्ट्रेट आना पड़ा। इस दौरान सभी का पसीना छूटा। वहीं नवरात्र शुरू होने से मंदिर में दर्शन करने वालों की भीड़ कोविड के साथ-साथ गर्मी के कारण कम रही।