रफ्तार का कहर, अलग-अलग हादसों में महिला समेत तीन की मौत
जागरण टीम उन्नाव शनिवार को जिले में रफ्तार का कहर बना रहा। इसमें अचलगंज थानांतर्गत ह
जागरण टीम, उन्नाव : शनिवार को जिले में रफ्तार का कहर बना रहा। इसमें अचलगंज थानांतर्गत हुई दो घटनाओं में एक महिला व युवक की मौत हो गई। वहीं, माखी थानांतर्गत एक बाइक सवार को पिकअप ने जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें युवक की मौत हो गई।
पहली घटना में बिहार थानाक्षेत्र के गांव विजयती खेड़ा निवासी 48 वर्षीय सोमनाथ पुत्र हरी राम दीक्षित कानपुर के बर्तन बाजार में नौकरी करता था। वह रोज गांव से ही कानपुर आता-जाता था। शुक्रवार रात करीब आठ बजे उसे अचलगंज कसबा के पास एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे लोगों ने सीएचसी पहुंचाया जहां से उसे जिला अस्पताल भेजा गया। वहां उसकी इलाज के दौरान मौत हो गयी।
दूसरी घटना में इसी थानाक्षेत्र के गांव बंथर निवासी 62 वर्षीय कांती देवी पुत्री मैकू मानसिक रूप से बीमार रहती थी। वह हाईवे पर बने एक मंदिर में रह रही थी। शुक्रवार रात वह अज्ञात वाहन की चपेट में आ गयी। पुलिस ने उसे जिला अस्पताल भेजवाया। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। बदरका चौकी प्रभारी संजीव शाक्य ने बताया कि शव पीएम को भेजा गया है। वाहन का पता लगाया जा रहा है।
तीसरी घटना में सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव पतारी निवासी 24 वर्षीय विनोद पुत्र दीवान चंद्र शनिवार सुबह चार बजे सफीपुर से उन्नाव जा रहा था। अभी वह बौनामऊ गांव के पास ही पहुंचा था कि वह ऊंची पुलिया को समझ नहीं पाया और उस पर पड़ने से बाइक अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे पिकअप लोडर से टकरा गई। ग्रामीणों ने पुलिस को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे जिला अस्पताल भेजा। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।