उन्नाव में गंगा का जलस्तर खतरे से 10 सेंटीमीटर ऊपर, 26 मोहल्लों में भरा बाढ़ का पानी
शुक्लागंज में गंगा का जलस्तर खतरे के निशान से 10 सेंटीमीटर ऊपर बना हुआ है, जिससे 26 मोहल्लों और कई गांवों में बाढ़ का पानी भर गया है।
-1789370830275_m.webp)
HighLights
गंगा का जलस्तर खतरे के निशान से 10 सेमी ऊपर।
शुक्लागंज के 26 मोहल्ले और कई गांव बाढ़ से प्रभावित।
प्रशासन ने 80 नावें लगाईं, 350 परिवारों को राशन किट।
जागरण संवाददाता, उन्नाव। शुक्लागंज में गंगानदी का जलस्तर दो सेंटीमीटर कम हुआ है। गंगा अब भी खतरे के निशान से 10 सेंटीमीटर ऊपर बह रही हैं।केंद्रीय जल आयोग के अनुसार शनिवार को शाम छह बजे शुक्लागंज में गंगा का जलस्तर 113.120 मीटर रिकॉर्ड किया गया था। जो सोमवार शाम छह बजे दो सेंटीमीटर कम होकर 113.100 मीटर हो गया है।
नगर में लगभग 26 मोहल्लों व कई गांवों में बाढ़ का पानी भर गया है। जिससे लगभग 18 हजार की आबदी प्रभावित है। लोग नाव से आवागमन कर रहे हैं।प्रशासन ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में 80 नावें लगाई हैं।नीचे की मंजिलों में पानी भरने से लोग छतों व ऊपर की मंजिलों में गुजर करने को मजबूर हैं।
कई गांवों तक पानी भर गया है। मवेशियों के लिए चारे पानी की समस्या हो गई है। अधिकांश मुहल्लों में बाढ़ का पानी भर जाने से लोगों को घोर दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। श्रीनगर, गंगानगर, मालवीयनगर, सीताराम कालोनी, मनोहरनगर, बालूघाट, शक्तीनगर, इंदिरानगर, बहादुर बगिया, रविदासनगर, आलमनगर, चंपापुरवा, गोताखोर, अंबिकापुरम, गायत्रीनगर भातूफार्म, करबला, हुसैननगर, गगनीखेड़ा, शाहीनगर, नेतुआ, पोनीरोड, राजीवनगर खंती, आजादनगर, शारदानगर सरैया में पानी भर गया है। वहीं, पोनी गांव, गड़रियन पीपरखेड़ा, गजियाखेड़ा, निहालखेड़ा, बदुआखेड़ा, झब्बूपुरवा, पीपरखेड़ा, फत्तेखेड़ा, गगनीखेड़ा, नेतुआ समेत जाजमऊ के सोलहबीघा, रतिरामपुरवा, इकलाखनगर आदि क्षेत्रों में बाढ़ का पानी भरने से लोग परेशान हैं। हरिहरपुर, फत्तेखेड़ा, नेतुआ चंपापुरवा संपर्क मार्ग पर सड़क डूबने से आवागमन ठप है।सैकड़ों बीघा फसलें डूब गई हैं। लेखपाल प्रशांत अवस्थी ने बताया कि प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।
महिला ने तीन बच्चों समेत राहत शिविर में ली शरण
राजीवनगर खंती की रहने वाली एक महिला ने अपने तीन बच्चों के साथ अोपीजेडी इंटर कालेज में बनाए गए बाढ़ राहत शिविर में शरण ली है। जिनके राशन पानी व्यवस्था कराई गई है।
350 परिवारों को आज दी जाएगी राशन किट
मजरा पीपरखेड़ा गैर एहतमाली के लेखपाल पंकज मिश्रा ने बताया कि 14 सितंबर दिन सोमवार को रविदासनगर व श्रीनगर के बाढ़ग्रस्त क्षेत्र के पीड़ित लगभग 350 परिवारों को राशन सामग्री का वितरण उच्च प्राथमिक विद्यालय मजरा पीपरखेड़ा एहतमाली में किया जाएगा।
