गंगा में नाव पलटने से डूब रहे 10 बांग्लादेशियों को BSF ने बचाया, प्राथमिक उपचार के बाद BGB को सौंपा
मुर्शिदाबाद में भारत-बांग्लादेश सीमा के पास गंगा में नाव पलटने से डूब रहे 10 बांग्लादेशी नागरिकों, जिनमें एक शिशु भी ...और पढ़ें

बीएसएफ ने गंगा में नाव पलटने से डूब रहे 10 बांग्लादेशियों को बचाया (फाइल फोटो- PTI)
HighLights
बीएसएफ ने गंगा में नाव पलटने से 10 बांग्लादेशियों को बचाया।
मुर्शिदाबाद में भारत-बांग्लादेश सीमा के पास हुआ यह बचाव अभियान।
बचाए गए लोगों में 30 दिन का एक शिशु भी शामिल था।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता । बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में भारत-बांग्लादेश अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास गंगा में नाव पलटने से डूब रहे 10 बांग्लादेशी नागरिकों को सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों ने शनिवार शाम सुरक्षित बचा लिया। इनमें 30 दिन का एक शिशु भी शामिल था।
71वीं बटालियन के जवानों ने खंडुआ सीमा चौकी के पास नदी में लोगों को संकट में देखा। इसके बाद स्पीडबोट से तत्काल बचाव अभियान चलाया गया और सभी 10 लोगों को नदी से बाहर निकाला गया।
बचाए गए लोगों ने बीएसएफ को बताया कि वे बांग्लादेश के जोरारपुर गांव के निवासी हैं और चपाई नवाबगंज से जोरारपुर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी नाव अचानक पलट गई और सभी लोग नदी में गिरकर बहते हुए भारतीय सीमा की ओर आ गए।
बीएसएफ ने उन्हें प्राथमिक उपचार देने के बाद सरकारी अस्पताल पहुंचाया। हालत स्थिर होने पर सभी को बार्डर गार्ड बांग्लादेश (बीजीबी) के जवानों को सौंप दिया गया।
