महिला अस्पताल में प्रसव और ओटी की हुई इमरजेंसी व्यवस्था
जागरण संवाददाता उन्नाव कोविड मरीज का सीजर होने के बाद ओटी और लेबररूम बंद रहने से
जागरण संवाददाता, उन्नाव : कोविड मरीज का सीजर होने के बाद ओटी और लेबररूम बंद रहने से दो दिन से प्रसूता भटक रहीं हैं। भविष्य में ऐसी स्थिति न आने देने के लिए अब अलग-अलग लेबररूम और ओटी की इमरजेंसी व्यवस्था का प्रबंध कर लिया गया है। ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति आने पर इमरजेंसी लेबररूम और ओटी का प्रयोग कर रोगी सेवा बाधित होने से बचाया जा सके।
बताते चले शनिवार को महिला जिला अस्पताल में इमरजेंसी में आई एक प्रसूता का सीजर ऑपरेशन कराया गया। ऑपरेशन हो जाने के बाद कोविड सैंपल की रिपेार्ट पॉजिटिव आई थी। जिसके चलते महिला अस्पताल लेबररूम और ओटी को 48 घंटे के लिए बंद कर दिया गया। दो दिनों से जो भी प्रसूता अस्पताल पहुंच रहीं हैं उन्हें कानपुर रेफर किया जा रहा है। रोगी सेवा पूर्ण रूप से बाधित है। संक्रमण से भय से वार्ड में भर्ती जच्चा-बच्चा के स्वजन उन्हें डिस्चार्ज करावा कर घर चले गए। महज दो मरीज अब अस्पताल में हैं। रोगी सेवा बाधित होने की समस्या को गंभीरता से लेते हुए सीएमएस डॉ. अंजू दुबे ने डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों के साथ इमरजेंसी लेबररूम और ऑपरेशन थियेटर बनाने की व्यवस्था पर विचार विमर्श किया। सीएमएस ने बताया कि भविष्य में रोगी सेवा बाधित न हो इसलिए वार्ड के पुराने प्रसव कक्ष में पुन: इमरजेंसी लेबररूम और प्रसवोत्तर केंद्र में इमरजेंसी ओटी बनाई जा रही है। उन्होंने चौबीस घंटे में उपकरण आदि का प्रबंध कराने को कहा है। उधर दूसरे दिन सोमवार को भी मरीज नहीं देखे गए, जो गर्भवती आई भी उन्हें रेफर कर दिया गया।